रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। छत्तीसगढ़ में इस साल करीब सप्ताहभर की देरी से शिक्षा सत्र शुरू हो रहा है। कल से प्रदेश के सभी निजी, और सरकारी स्कूल में पढ़ाई शुरू होगी। पूर्व में यह सत्र 16 जून से शुरू होना था, लेकिन बढ़ती गर्मी, और धूप को देखते हुए सीएम बघेल ने 26 जून से शुरू करने के निर्देश दिए थे।
हालांकि बीते एक सप्ताह के दौरान शिक्षक और स्टॉफ स्कूल आते रहे, और प्रवेश संबंधित प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान बच्चों के प्रवेश के साथ ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा। कल पहले दिन ही बच्चों को निशुल्क गणवेश और किताबें वितरित करने का दावा शिक्षा विभाग ने किया है। एक माह तक चलने वाले शाला प्रवेश उत्सव के शुरुआती 10 दिनों के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रथम दिवस सभी स्कूलों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के संदेश का वाचन होगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत, बच्चों को मिलने वाले विभिन्न सुविधाओं का वितरण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा स्कूल के विकास हेतु शपथ एवं विचार व्यक्त किए जाएंगे। बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। शाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान और पालकों का स्कूल के बारे में अभिमत और मुख्य अतिथि का स्वागत भाषण होगा।
शाला प्रवेश उत्सव आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने सभी जिला कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शाला प्रवेश उत्सव को जन-जन का अभियान बनाने के लिए व्यक्तिगत रुचि लेते हुए इसे सभी स्तर पर सफल बनाएं ताकि शत-प्रतिशत बच्चों को शाला में प्रवेश एवं ठहराव सुनिश्चित करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर समग्र शिक्षा की लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके। सत्र प्रारंभ होने से पहले शाला प्रबन्धन समिति की विशेष बैठक का आयोजन करने कहा गया है।