रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। मध्यप्रदेश पापुनि के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने सीएम भूपेश बघेल को पत्र प्रेषित कर कहा है कि आपकी पहल पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन एवं तृतीय लिंग समुदाय के लिए गत् राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हेल्पलाईन प्रारंभ की गई है। जो सराहनीय कदम है।
रिजवी ने कहा है कि प्राय: देखा जा रहा है कि इन वर्गों की समस्याओं के निदान की दिशा में प्रदेश के अधिकांश पुलिस थानों के द्वारा कार्यवाही करने में तत्परता नहीं दिखाई जाती है तथा सीनियर सिटीजन, दिव्यांग एवं तृतीय लिंग के पीडि़त एवं प्रताडि़त लोगों को न्याय प्राप्ति हेतु इधर से उधर भटकना पड़ता है, जो कदापि उचित नहीं है। आपकी इन वर्गों को राहत पहुंचाने की मंशा को उनकी परेशानियों के निदान हेतु प्रदेश के सभी जिलों में अजा-अजजा महिला वर्ग की तर्ज पर विशेष थाना प्रारंभ किया जाना अति उत्तम होगा।
इस आशय का पत्र गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम तथा डीजीपी जुनेजा को भी प्रेषित किया है।


