रायपुर

अंबिकापुर में तेज बारिश, प्रदेश के लिए यलो अलर्ट
24-Jun-2023 7:41 PM
अंबिकापुर में तेज बारिश, प्रदेश के लिए यलो अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 जून। प्रदेश में लोगों को अब गर्मी से राहत मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ में दक्षिण पश्चिम मानसून ने इंट्री कर ली है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। अंबिकापुर में आज दोपहर जमकर घंटेभर से अधिक बारिश हुई।

 इस संबंध में मौसम विज्ञानी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ ही राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बस्तर, बीजापुर, कोंण्डागांव, गरियाबंद, बिलासपुर, रायगढ़ कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलोदाबाजार, धमतरी, महासमुंद जिलों के लिए अगले 48 घण्टों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं  कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ गरज, चमक और वज्रपात होने की संभावना जताई है। मानसून 29 जून तक पूरे प्रदेश में फैलने के आसार नजर आ रहे है। आपको बता दें कि पिछले साल मानसून अपने सामान्य समय से एक दिन पहले 16 जून को राज्य में पहुंचा था और 21 जून तक इसका प्रसार राज्य के 80 प्रतिशत हिस्से में हो गया था।

 मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ने उत्तरी सीमा रत्नगिरी, बीजापुर, निजामाबाद, दुर्ग, डाल्टनगंज, बक्सर और सिद्धार्थ नगर से होते हुए छत्तीसगढ़ में इंट्री ली है। मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं जो मौसम के लिहाज से अच्छी खबर है। मौसम विभाग ने  रायगढ़ कोरबा, जांजगीर-चांपा जिले के लिए अगले 72 घंटों के लिए गरज ,चमक के साथ वज्रपात होने का अलर्ट जारी किया है।


अन्य पोस्ट