रायपुर

टैंकर मुक्त शहर की घोषणा फिस्स, इस गर्मी भी 40 से अधिक टैंकर दौड़े
24-Jun-2023 7:40 PM
टैंकर मुक्त शहर की घोषणा फिस्स, इस गर्मी भी 40 से अधिक टैंकर दौड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 जून। महापौर एजाज ढेबर ने जल कार्य विभाग के अध्यक्ष सतनाम सिंह पनाग प्रभारी अधीक्षण अभियन्ता जल बी. एल. चंद्राकर के साथ बैठक कर अमृत मिशन कार्यों की समीक्षा की । बैठक में बताया गया कि शहर में अभी रोजाना 40-50 टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। । इस पर महापौर ने टैंकरों की संख्या कम करवाने का सुझाव दिया है। निगम ने दावा किया था कि इस गर्मी से शहर  नो टैंकर हो जाएगा,जो असफल रहा।

 बैठक में ईई अमृत मिशन अंशुल शर्मा, प्रभारी कार्यपालन अभियन्ता फिल्टरप्लांट  नरसिंग फरेन्द्र,सभी जोनों सहायक अभियंताओं, उप अभियंता भी  उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी स्थानों पर अमृत मिशन के अन्तर्गत कार्यों को पूर्णता की ओर होने की जानकारी दी।निगम जोन 3 के तहत गुरू गोविन्द सिंह वार्ड में तकनीकी कारणों के चलते पाईप लाईन विस्तार के कार्यों में विलम्ब होने की जानकारी पर महापौर ने सम्बंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य करके उसे शीघ्र पूर्ण करने निर्देशित किया है।

अधिकारियों ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की कालोनियों में भी शहर क्षेत्र में तेज गर्मी के चलते बोर सूख जाने की जानकारी पर पानी टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। महापौर  एजाज ढेबर ने कहा कि जलापूर्ति करने का कार्य निरन्तरता से प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करवाते रहें.  महापौर ने चंगोराभाटा क्षेत्र में जलसंकट की समस्या का शीघ्र निदान करने नागरिकों को नदी का मीठा जल उपलब्ध करवाने शीघ्र नई पाईप लाईन बिछाने आवश्यक कार्यवाही करने कहा है।महापौर ने शहर के आवासीय क्षेत्र में इस तरह आरओ वाटर के नाम पर अवैध पानी बेचने वालों  पर जाँच  कर के निर्देश दिए ।

नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कदापि सहन नहीं किया जायेगा।महापौर ने मानसून की पहली बारिश होने तक एवं बारिश के दौरान सुव्यवस्थित जल प्रबंधन करते हुए टैंकरों की संख्या कम करवाने का सुझाव दिया है।


अन्य पोस्ट