रायपुर
द्वितीय अपील के लिए जहां हो वहां से जुड़ सकेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग ने एक नवीन पहल की है। अपीलार्थी अब कहीं से भी मोबाइल से भी द्वितीय अपील की सुनवाई में जुड़ सकेंगे। बुधवार से ट्रायल बेस पर इसकी शुरुआत की गई है।
राज्य सूचना आयुक्त द्वय मनोज त्रिवेदी और धनवेंद्र जायसवाल के कोर्ट में आज कई प्रकरणों की सुनवाई में इसका ट्रायल किया। आज बिलासपुर से ठाकुर नवल सिंह और कांकेर से देवाशीष के अपने मोबाइल से सुनवाई में शामिल हुए। अपीलार्थियों को घर बैठे सुनवाई का अवसर प्राप्त प्राप्त होने पर उन्होंने आयोग को धन्यवाद दिया ।
आयुक्त श्री त्रिवेदी ने अपीलार्थियों से कहा कि वे मोबाइल कनेक्शन से जुडऩे के लिए बेहतर नेटवर्क का इस्तेमाल करें ताकि ऑडियो और वीडियो क्वालिटी अच्छी मिले। श्री जायसवाल ने कहा कि अब मोबाइल से प्रकरण की सुनवाई घर बैठे या अन्य स्थानों से मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि अभी तक राज्य सूचना आयुक्त के न्यायालय कक्ष में अथवा संबंधित जिलों के कलेक्टर कार्यालय स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से अपीलार्थी सुनवाई में शामिल हो रहे थे। अब मोबाइल से भी शामिल होने का अवसर व सुविधा मिल सकेगी। मोबाईल से कैसे जुड़ेंगे अपीलार्थी आयोग के सचिव जीआर चुरेन्द्र ने बताया है कि इसमें राज्य सूचना आयुक्त के कोर्ट से अपीलार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर पर एक लिंक भेजा जाएगा। उस लिंक से द्वितीय अपील के प्रकरण में सुनवाई की तारीख में सीधे जुड़ सकेंगे।