रायपुर
दो वर्षों में रिक्त सात पदों के लिए होगी डीपीसी, 08-10 बैच के अफसर दावेदार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस अवार्ड के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने क्यू में खड़े अफसों का रिकार्ड मांगा है। इसमें 2008से 2010 बैच वाले राप्रसे अफसरों को अवसर मिल सकता है।
सूत्रों ने बताया कि अबकी बार ये अवार्ड 2003,04 बैच के प्रमोटी आईएएस के सेवानिवृत्त होने से रिक्त हुए पदों पर होना है। करीब 6-7 पद रिक्त हुए हैं। ये पद उमेश अग्रवाल, कुलभूषण टोप्पो,ईमिल लकड़ी, धनंजय देवांगन, निरंजन दास, अनिल टूटेजा के रिटायरमेंट से रिक्त हुए हैं । दो वर्षों में इतने अफसरों के रिटायर होने से प्रशासन में अफसर कम हो गए हैं।
अभी चुनावी हलचल के दौर में प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी कर लेने की स्थित में जनवरी से नए आईएएस उपलब्ध हो जाएंगे। इसी दृष्टिकोण से जीएडी ने प्रमोशन के लिए संभावित अफसरों के सर्विस रिकॉर्ड मांगा है । इस बार दो साल में रिक्त पदों पर अवार्ड होना है। रिकार्ड मिलने पर यूपीएससी से डीपीसी की अनुमति ली जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि इन पदों के लिए राप्रसे के 08 और 10 बैच के अधिकारी के नाम सामने आ रहे हैं। एक पद के लिए तीन गुना नाम के अनुपात में नाम भेजे जाएंगे। चयन उनका ही होगा जो वरिष्ठ हैं। मेरिट बेसिस की चयन प्रक्रिया खत्म कर दी गई है । इन पदों के लिए रेणुका श्रीवास्तव, अश्विनी देवांगन, आशुतोष पांडे, सौम्या चौरसिया, रीता यादव, लोकेश यादव,आरती वासनिक,प्रकाश सर्वे, गजेंद्र सिंह, तनुजा सलाम, लीना को सम, टीआर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सोमिल रंजन चौबे और उनके बाद के अफसरों के नामों पर विचार किया जाएगा।