रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जून। निगम के नगर निवेशक ने सभी जोन कमिश्नरों (जेसी )को जर्जर भवनों के स्वामियों को नगर पालिक निगम अधिनियम- 56 की धारा 309 एवं 310 के तहत नोटिस देने कहा है। रायपुर जिला राजस्व राहत एवं आपदा प्रबंधन से 5जून को प्राप्त पत्र के अनुसार कहा है नगर निवेशक ने सभी 10 जोनों के जोन कमिश्नरों (जेसी) को कहा है कि वर्षा ऋतु सन्निकट है ।
इस दौरान अतिवृष्टि से जर्जर भवनों के गिरने से जन-धन की हानि होने की संभावनाएं बढ़ जाती है।सभी जोन कमिश्नरों से कहा गया है कि वे अपने जोन के अंतर्गत ऐसे जर्जर भवनों की जो रहवास के लिये अनुपयुक्त, भयप्रद व अस्वच्छ स्थिति में हों, इनकी सूची तैयार करके भवन स्वामियों के विरूद्ध निगम अधिनियम की धारा 309,310 के तहत नोटिस दिए जाएंगे । नियमानुसार ऐसे भवनों का आगे उपयोग निषिद्ध तथा भयप्रद भवनों को तत्काल हटाया जाए।
जिन व्यवसायिक एवं आवासीय परिसरों के बेसमेन्ट में पानी भरता हो, उनके मालिकों को भी पानी की निकासी की व्यवस्था करने हेतु सूचित किया जाये एवं जर्जर भवनों के विरूद्ध कार्यवाही कर सूची प्रमाणीकरण सहित नगर निवेश मुख्यालय को भेजने कहा गया है।