रायपुर

बेमेतरा भीगा, कल से छत्तीसगढ़ में बारिश का सिस्टम तेज होगा
21-Jun-2023 4:35 PM
बेमेतरा भीगा, कल से छत्तीसगढ़  में बारिश का सिस्टम तेज होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 जून। मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश में  अधिकतम तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई है।

परंतु वर्तमान में  अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर है इस वजह से हीट वेव की चेतावनी जारी की गई थी। कल से पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधि भी बढऩे की संभावना है। इसका मतलब अब 40-46 डिग्री गर्मी और उष्ण रातों के दिन बीत रहे हैं। विभाग के मुताबिक आज जगदलपुर में अच्छी वर्षा और रायपुर में भी हल्की वर्षा होने की संभावना है । उससे पहले आज दोपहर बेमेतरा में गरज, चमक के साथ बारिश हुई, तो राजधानी में बादलों ने तपिश कम की।

आज जगदलपुर में अच्छी वर्षा और रायपुर में भी हल्की वर्षा होने की संभावना है । वीकेंड पर मानसून का छत्तीसगढ़ प्रवेश, अभी रफ्तार ठीक है।दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए मंगलवार को कर्नाटक के कुछ और भाग, आंध्र प्रदेश, पश्चिम मध्य और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के कुछ भाग और झारखंड, बिहार के कुछ भाग, हिमालयीन पश्चिम बंगाल के शेष भाग और सिक्किम में पहुंच गया है। कल इसके तेलंगाना में प्रवेश की संभावना है।मानसून की उत्तरी सीमा रत्नागिरी, रायचूर, कवाली, कनिंग, श्रीनिकेतन, दुमका है।

मानसून को आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण भारत के कुछ भाग, उड़ीसा के कुछ भाग, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के कुछ और भाग,  झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। एक द्रोणिका सिक्किम से दक्षिण झारखंड तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में आज  एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की भी संभावना है।प्रदेश के मध्य और उत्तरी भाग के कुछ जिलों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।  उसके बाद 24-25  जून तक जगदलपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ प्रवेश करेगा।


अन्य पोस्ट