रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। प्रदेश ही नहीं देश भर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में साइंस, बॉयो-साइंस, एग्रीकल्चर साइंस और इंजीनियरिंग साइंस से सम्बन्धित विषयों में पीएचडी कर रहे स्टूडेंट्स विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से फेलोशिप प्राप्त कर सकते हैं। यूजीसी द्वारा ऑफर की जा रही रिसर्च फेलोशिप इन साइंसेस फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स (आरएसएफएमएस) का उद्देश्य है कि विज्ञान विषयों में शोध कर रहे छात्र-छात्राओं को एडवांस स्टडीज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना।
यूजीसी की रिसर्च फेलोशिप इन साइंसेस फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स के अंतर्गत निर्धारित योग्यता रखने वाले स्टूडेंट्स को 8 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह फेलोशिप 2 वर्ष तक दी जाती है। इसके अतिरिक्त 6 हजार रुपये सालाना की आकस्मिक निधि भी दी जाती है। हालांकि, इस अवधि को संस्थान की एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश के बाद एक अतिरिक्त वर्ष के लिए बढ़ाया भी जा सकता है।
एमेरिटस फेलोशिप के लिए योग्यता
यूजीसी की द्वारा संचालित ‘रिसर्च फेलोशिप इन साइंसेस फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स’ के लिए ऐसे स्टूडेंट्स अप्लाई कर सकते हैं जो कि विश्वविद्यालयों में विज्ञान विषयों में ऐसे टॉपिक पर रिसर्च कर रहे हों जिसमें एडवांस स्टडीज की संभावना हो। इसे यूजीसी द्वारा मान्य होना चाहिए। आरएसएफएमएस फेलोशिप के लिए आवेदन करने के लिए अपने सम्बन्धित विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में संपर्क करना होगा। संस्थान द्वारा बनाई गई चयन समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटिनी के बाद इस फेलोशिप के लिए चयन किया जाएगा।