रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। पुरानीबस्ती महामाया मंदिर सार्वजनिक न्यास समिति के तत्वाधान में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण सप्ताह का आज भव्य शोभायात्रा के साथ आगाज हुआ। हजारों की संख्या में धर्मप्रिय श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
न्यास समिति के अध्यक्ष आनंद शर्मा, सचिव व्यास नारायण तिवारी तथा न्यासी पं विजय कुमार झा ने बताया है कि आज सोमवार को प्रात: 9 बजे मंदिर प्रांगण से शोभायात्रा अमीन पारा थाना, लिली चौक, लोहार चौक, लाखे नगर चौक, सारथी चौक होते हुए आजाद चौक, कंकालीपारा से प्राचीन ऐतिहासिक कंकाली मठ स्थित कंकाली तालाब से कलश में जल ग्रहण कर शीतला मंदिर बाजार होते हुए मंदिर प्रांगण में शोभायात्रा वापस लौटी। तत्पश्चात गौरी गणेश, कलश नवग्रह पूजन, पीठ पूजन के साथ श्रीमद् देवी भागवत का आगाज हुआ।
प्रतिदिन अपरान्ह 3 बजे से संध्या 6 बजे तक प्रवचनकर्ता ब्रह्मचारी डॉ इंदुभवानंद शास्त्री शंकराचार्य मठ के द्वारा देवी भागवत का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जावेगा। न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीषण गर्मी की स्थिति में कूलर, पंखा तथा बारिश की स्थिति में वाटरप्रूफ पंडाल मंदिर प्रांगण में व्यवस्था किया गया है। इसलिए अनेक जन्मों के पुण्य, पितरों के आशीर्वाद से ऐसे दिव्य एवं भव्य महायज्ञ में शामिल होने का पुण्य फल प्राप्त होता है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से इस महान यज्ञ में शामिल होने की अपील की गई है।
शोभा यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग में माता जी की पालकी चरण पादुका एवं रथ पर सवार आचार्य प्रवचन कर्ता बाजे बाजे ढोल धमाके के साथ चल रहे थे सम्मुख संपूर्ण यात्रा में सडक़ों को जल छिडक़ाव कर शुद्धिकरण किया गया तथा झाड़ू लगाया गया जल छिडक़ाव से माता जी को अपार शांति की प्राप्ति हुई है अब ऐसी संभावना है कि छत्तीसगढ़ की जनता को गर्मी से मुक्ति दिलाने शीघ्र वर्षा होगी। कलश यात्रा मार्ग पर चौक चौराहों में धर्म प्रिय नागरिकों व संस्थाओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर शरबत लस्सी ठंडा पानी आदि शोभा यात्रियों को पिला कर पुण्य प्राप्त किया।
