रायपुर

एक फ्लाईओवर, तीन रास्ते अक्टूबर से डेट पर डेट दे रही एजेंसी
18-Jun-2023 10:21 PM
एक फ्लाईओवर, तीन रास्ते अक्टूबर से डेट पर डेट दे रही एजेंसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जून। राजधानी में दक्षिण की ओर से प्रवेश पर निर्माणाधीन वाई शेप टाटीबंध फ्लाईओवर का निर्माण अंतिम चरण पर है। एनएचएआई द्वारा निर्मित इस फ्लाईओवर का उद्घाटन जल्द होने जा रहा है। इसकी पूर्णता के लिए एजेंसी कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे को दिसंबर से डेट पर डेट   दे रही है।

अंतत कलेक्टर ने कल निरीक्षण कर कहा कि इस ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूर्ण किया जाए। इसके पूर्ण होने से रायपुरवासियों को यातायात के दबाव से राहत मिलेगी। साथ ही रायपुर से दुर्ग-भिलाई आने-जाने वाले वाहनों को आसान मार्ग मिलेगा, समय की बचत भी होगी। उन्होंने ब्रिज के दोनो किनारों पर संकेतक, साइनबोर्ड लगाने और लाईटिंग की सुनिश्चित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

टाटीबंध ओवर ब्रिज रायपुर और दुर्ग को जोडने वाला प्रमुख मार्ग बनेगा इसकी लंबाई 3.5 किलोमीटर से अधिक है। इस ओवरब्रिज में दुर्ग से आने वाले वाहनों को तीन विकल्प मिलेंगें। पहला रिंग रोड नं.-02 से उतरकर भनपुरी की तरफ, दूसरा भारत माता स्कूल की उतरकर एम्स, रविशंकर विश्वविद्यालय की तरफ और तीसरा सरोना की ओर उतरकर रिंग रोड़ नं.-01 की तरफ।

रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहन सरोना की तरफ से चढकर ब्रिज क्रास करके कुम्हारी की ओर उतरेंगे। उल्लेखनीय है कि इस फ्लाईओवर में रिंग रोड नं-02 और एम्स की ओर से नही चढ़ सकेंगे।


अन्य पोस्ट