रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जून। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बैंगलूर दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या कल 19 जून को सुबह 9 बजे रायपुर पहुंच रहे हैं। एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद रैली के साथ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने बताया कि सूर्या पीएससी-21 के नतीजों में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ पीएससी संग्राम सीएम हाउस घेराव का नेतृत्व करेंगे।
भूपेश बघेल सरकार ने युवाओं के भविष्य को पैसे के लिए बर्बाद कर दिया है। तेजस्वी सूर्या ने पिछले साल के दौरे में उन्हें कलेक्शन मास्टर की उपाधि दी थी ,जो आज प्रमाणित हो रही है। पूरे प्रदेश में बघेल ने युवाओं के भविष्य बर्बाद किया,चाहे भर्ती प्रक्रिया हो, रोजगार देने की बात हो या बेरोजगारी भत्ता हो, इन सबके नाम से सिर्फ और सिर्फ विज्ञापन की राजनीति की है और घोटाला किया है । 4.5 वर्षो में सिर्फ युवाओं के साथ छलावा किया है ।
श्री भगत ने कहा भ्रष्टाचार के विषय को लेकर, हम जनता के बीच जा रहे है। तेजस्वी सूर्या का मार्गदर्शन सभी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओ को प्राप्त होगा। जिसमें प्रदेश के सभी पदाधिकारियों से मुलाकात भी होगी। इस आंदोलन में तेजस्वी के साथ प्रदेश के सभी नेता उपस्थित रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह व अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
श्री भगत ने कहा युवा मोर्चा लगातार अलग अलग माध्यमों से युवाओं एवं अभ्यर्थियों तक संपर्क किया जा रहा है जिनके साथ पीएससी में धोखा किया गया है।भाजयुमो रायपुर जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने बताया ये आंदोलन बिजली आफिस चौक, सप्रे मैदान के पास से मुख्यमंत्री निवास की तरफ जायेगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।