रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जून। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में बिजली दफ्तर में घुसकर मारपीट और तोडफ़ोड़ का मामला सामने आया है।आरोपियों ने बाहर खड़ी बाइक भी तोड़ डाली।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया और पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।
दरअसल, खमतराई थाने में अमित कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि वह विगत 12 वर्षो छत्तीसगढ राज्य विद्युत कंपनी मर्यादित भनपुरी जोन कार्यालय में परिचारक श्रेणी एक के पद पर पदस्थ है। अमित ने बताया कि 15-16 जून की रात करीबन 12 बजे बजे कार्यालय में शरद साहू, नरेंद्र साहू, रजत वर्मा, चंद्रकांत वर्मा, डागेश्वर साहू व अन्य भनपुरी सब स्टेशन पहुंचे। अमित सहित अन्य स्टाफ से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद वहां के कर्मचारी से मारपीट करने लगे।
शासकीय शिकायत रजिस्टर को फेंकने व कार्यालय के टेबल कुर्सी, काल सेंटर का फोन कर्मचारियों की बाइक और विभाग द्वारा अधिगृहित वाहन, मोबाइल बैटरी चार्जर आदि में तोडफ़ोड़ की गई।
बिजली कार्यालय में शरद साहू, नरेंद्र साहू, रजत वर्मा, चंद्रकांत वर्मा एवं डागेश्वर साहू सभी निवासी उरकुरा व आस-पास के अन्य लोगों के साथ पहुंचे। वहां पहुंचकर यहां का इंचार्ज कौन है, उरकुरा बाजार चौक का लाइट क्यों बंद हैं, कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो मारपीट कर दी।
मारपीट से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद कार्यालय के बाहर पहुंच बैठकर नारेबाजी की। इस मामले में टीआई ने बताया एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।