रायपुर
ठाकरे विवि कार्यपरिषद का फैसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जून। ठाकरे स्मृति पत्रकारिता विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली के साथ संजय द्विवेदी, और डॉ. आशुतोष मंडावी के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई करने कहा है।
अल्प सूचना पर गुरूवार को विवि प्रशासन ने कार्य परिषद की बैठक बुलाई थी। इसमें वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, राजकुमार सोनी, आवेश तिवारी समेत कुलपति और कुल सचिव मौजूद थे। बैठक में कुलपति बलदेव शर्मा ने दो प्रस्ताव पेश किए। इनमें पहला डॉ. शाहिद अली का और दूसरा आईआईएमसी दिल्ली के महानिदेशक संजय द्विवेदी, और डॉ. आशुतोष मंडावी के विरूद्ध कार्रवाई का था।
डॉ. अली, और मंडावी विवि में कार्यरत हैं। जबकि संजय द्विवेदी विवि विद्यालय के स्थापना काल के दौरान संविदा पद पर कार्यरत थे। कार्यसमिति ने सामान्य प्रशासन विभाग की अनुशंसा पर गठित सुक्ष्म जांच रिपोर्ट के अनुसार इन तीनों के विरूद्ध विधिक कार्रवाई का अनुमोदन किया है। वहीं डॉ. मंडावी के प्रकरण में निर्वाचन आयोग की शिकायत पर कार्रवाई न होने को लेकर कार्यपरिषद ने असंतोष व्यक्त किया, तथा तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश कुलपति, और कुल सचिव को दिया है। बैठक में कार्यपरिषद ने अपने ही सदस्यों को सम्मानजनक मानदेय दिए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया।
कुलसचिव डॉ. चंद्रशेखर ओझा ने यह आदेश कुलपति के साथ संयुक्त रूप से हस्ताक्षर जारी कर किया है। यह बैठक करीब साढ़े 3 घंटे से अधिक चली। इसके साथ ही डॉ. शाहिद अली की नियुक्ति को लेकर बीते 15 वर्षों से जारी विवाद का पटाक्षेप हो गया है। कार्यपरिषद के इस फैसले की रिपोर्ट विवि प्रशासन हाईकोर्ट में भी प्रस्तुत करेगा। साथ ही कुलाधिपति श्री हरिचंदन को भी भेजा जाएगा।