रायपुर

अराधिता के बायोपेस्टिसाईड तकनीक को अमेरिका में रजत पदक
17-Jun-2023 10:39 PM
अराधिता के बायोपेस्टिसाईड तकनीक को अमेरिका में रजत पदक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 जून। भारत में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, आईएनएसईएफ साइंस फेयर, में स्वर्ण पदक जीतकर, कु. अराधिता आरविल्ली ने अंतरराष्ट्रीय जीनियस ओलंपियाड, न्यूयॉर्क में 12 जून से 16 जून के मध्य होने वाली प्रतियोगिता हेतु  क्वालीफाई किया था।

कु.अराधिता इस प्रतियोगिता में  भारत देश का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र छात्रा है।

इन्होंने रोचेस्टर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी न्यूयॉर्क में आयोजित साइंस के अंतरराष्ट्रीय जीनियस ओलंपियाड प्रतियोगिता में बायोपेस्टिसाइड एवं फर्टिलाइजर बनाकर, इस प्रतियोगिता में भाग लिया। विश्व के 60 देशों से आए कुल 1634 प्रतिभागियों में कु अराधिता  ने  इस प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल (रजत पदक) जीता है।

विश्व में आजकल उपयोग में आनेवाले रासायनिक पेस्टीसाइड (कीटनाशक)  जिसके छिडक़ाव से फसल एवं सब्जियों  द्वारा गंभीर एवं कैंसर जैसी बीमारियां हो सकती है, उसके विकल्प के रूप में कु .आराधिता ने बायोपेस्टिसाईड (जैविक कीटनाशक) बनाया जो  पर्यावरण और  किसानों हेतु एक बेहतर विकल्प है और यह फसल की गुणवत्ता बढ़ाकर उसकी उत्पादन क्षमता बढ़ाता है। यह बायोपेस्टिसाईड न केवल फसल को कीड़ों से बचाता है बल्कि मिट्टी की उर्वरकता को भी बढ़ाता है। इनके शोध में यह पाया गया कि यह मार्केट में उपलब्ध अन्य बायोपेस्टिसाईड की अपेक्षा उत्तम और सस्ता विकल्प है। इस विषय में उनके गाइड व मेंटर सुजीत दास का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कु अराधिता आरविल्ली, श्रीनिवास मूर्ति एवं श्रीमती श्रीदेवी की सुपुत्री है और डीपीएस स्कूल रायपुर की 12 वी में अध्ययनरत छात्रा है। इनको रोचेस्टर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी न्यूयॉर्क द्वारा स्कॉलरशिप भी दी गई है।


अन्य पोस्ट