रायपुर

शंकराचार्य बोले हिन्दू तलवार, तीर चलाना सीख लें...
16-Jun-2023 7:15 PM
शंकराचार्य बोले हिन्दू तलवार, तीर चलाना सीख लें...

विधायक अनिता शर्मा ने हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलवाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जून। पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के धरसींवा के रावा भाटा आश्रम में शुक्रवार को शंकराचार्य प्राकट्य महोत्सव का आयोजन किया गया। जहां बड़ी तादात में हिन्दू धर्मावलम्बी, और स्वामी जी के अनुयायी मौजूद थे।

 इस मौके पर तीन परिवारों के 10 लोगों ने ईसाई धर्म छोडक़र हिंदू धर्म पुन: अपनाया। इन लोगों को महाराज के शिष्यों ने माथे पर चंदन का तिलक लगाकर घर वापसी कराई। इससे पहले विशाल कलश यात्रा निकाली गई जिसमें 11 हजार महिलाएं शामिल हुई, साथ ही इस मौके पर 5100 शिव भक्तों ने रुद्राभिषेक किया। बंजारी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी निश्चलानंद ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है। राजनेताओं को राजनीति की परिभाषा तय करनी चाहिए। उन्होंने हिन्दू हिन्दुत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि ईसा और मूसा के पूर्वज भी सनातनी ही थे। इसलिए कहता हूं कनर्वेटेड ईसाई लोगों को वापस सनातन धर्म में लौटना चाहिए। गरीबी के कारण सनातन धर्म न बदले। हर हिन्दू सेना, और हर हिन्दू सनातनी हो। हिन्दू तलवार, और तीर चलाना भी सीखें। तभी भारत हिन्दू राष्ट्र, और एशिया हिन्दू महाद्वीप होगा।

महाराज के इस संबोधन के दौरान मंच से हिन्दू राष्ट्र बनाने के नारे भी लगते रहे। कार्यक्रम को पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, और धरसींवा से कांग्रेस विधायक अनिता शर्मा ने भी संबोधित किया। दोनों ही माथे पर चंदन का तिलक लगाए थे। अपने संबोधन में अनिता शर्मा ने मौजूद लोगों से कहा भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प लें। जो जहां है, जिस गांव में है, कहीं भी है वही से वह हिन्दू राष्ट्र बनाने के संकल्प लें। हिन्दू के लिए बात करें।


अन्य पोस्ट