रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। भीषण गर्मी के बीच लोग अब मानसून का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि उसके रायपुर तक आने में अभी सप्ताह भर की देरी है। तब तक हल्की बूंदाबांदी से राहत महसूस की जा सकती है। बुधवार दोपहर रायपुर,महासमुंद में बारिश के बाद गुरूवार दोपहर बिलासपुर में खंड वर्षा हुई। शहर के अग्रसेन चौक के इलाके में बादल बरसे तो नेहरू चौक से मंगला चौक तक मौसम साफ रहा,हालांकि हल्की बदली बनी हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अब अनुकूल होती जा रही है। वर्तमान में जगदलपुर में 21 जून और रायपुर में 24 जून मानसून बरसने की संभावना है।
वहीं दूसरी ओर अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर के साथ ही स्थानीय प्रभाव के चलते बुधवार को दोपहर बाद रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला और बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी तो कुछ क्षेत्रों में तेज वर्षा भी हुई।
साथ ही कुछ क्षेत्रों में तो इतनी तेज हवा चली कि होर्डिंग्स भी उड़ गए। मालूम हो कि चक्रवाती तूफान विपर्जय 15 जून की शाम को गुजरात के कच्छ से टकराएगा। बताया जा रहा है कि विपर्जय के चलते गुजरात के साथ नौ राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश को अलर्ट किया गया है। आज अंधड़ के साथ बारिश के आसार मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को रायपुर का मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन प्रदेश के कुछ क्षेत्रों विशेषकर बस्तर क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश के आसार हैं।