रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। राजस्थान से गिरफ्तार यूट्यूबर राजेश कुमार स्वामी ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया में ज्यादा व्यूज व लाइक पाने के चक्कर में सीएम भूपेश बघेल पर फर्जी खबर चलाई थी।इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल निवास से 2000 रुपये के नोट पकड़ाने की बात भी कही गई थी।एनएसयूआई ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना रायपुर में की थी।
बता दें कि एनएसयूआई रायपुर के जिलाध्यक्ष शान्तनु झा ने पुलिस को बताया कि बीते 28 मई की रात करीब 9 बजे यूट्यूब पर एक फर्जी खबर अपलोड की गई । इसमें बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास से 2000 रुपये के करोड़ों नोट बरामद हुए हैं। उनके साथ ही अन्य नेताओं के पास से भी इस तरह की रकम बरामद हुई है। इस तरह सोशल मीडिया में सीएम व कांग्रेस नेताओं की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।इस झूठी खबर के खिलाफ एक्शन लिया जाए। राजस्थान पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर धारा 504, 505 (1) (बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।साथ ही उसे जेल भेज दिया गया है।