रायपुर
डिजिटल सेक्रेटेरिएट, ई-फाइल और ई-ऑफिस योजना का डिब्बा गोल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जून। एमपी के सतपुड़ा भवन में तीन दिन पहले हुई आगजनी में 25 हजार से अधिक नस्तियां (फाइलें) खाक होकर सारे सबूत मिटा गई । इस आगजनी से छत्तीसगढ़ प्रशासन को भी सबक लेने की जरूरत है । ऐसी अनहोनी से बचने महानदी और इंद्रावती भवनों में ई- फाइल सिस्टम जल्द से जल्द लागू करना होगा।
मंत्रालय को डिजिटल बनाने की बात तो वर्ष 2009 से हो रही है । और ऐसा नहीं है कि यह सिस्टम नये सिरे से पहले पायदान से शुरू करना है। ई फाइलिंग के लिए आवश्यक कुछ अहम तकनीकी कार्य किए जा चुके हैं। जैसे 2012 में सभी विभागों ने अपनी फाइलों के हरेक पन्ने की स्कैनिंग कर रखा है। जो पिछले तीन वर्ष यानी 2009 से -12 तक की रहीं।
उसी दौरान बड़ी संख्या में कई पुरानी फाइलों को नस्तीबध्द कर अभिलेखागार भेज दिया गया । यह सिलसिला अब तक जारी है। क्योंकि हर 3 वर्ष में एक बार पुरानी फाइलों को अभिलेखागार भेजने की व्यवस्था है। और अभिलेखागार चूहों और दीमक जैसे कीटों से बचाने समय- समय पर कीटनाशक दवा के छिडक़ाव में लाखों रूपए खर्च करता है।
बहरहाल ई- ऑफिस या डिजिटल सेक्रेटेरियट सी आनलाइन वर्किंग सिस्टम लागू करने आला अफसरों की इच्छाशक्ति और मजबूत पहल की आवश्यकता है। बीते वर्षों में एन आई सी ने राज्य प्रशासन को अपना ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर लागू करने का ऑफर दिया था। जो आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र जैसे कई बड़े राज्यों में सफलता से चल रहा है । लेकिन पूर्ववर्ती सरकार ने चिप्स के जरिए निजी फर्म को लाखों रूपए देकर डिजिटल सेक्रेटेरिएट सॉफ्टवेयर तैयार कराया। इसे लेकर मंत्रालय के अधिकारी, कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी गई । लेकिन इसमें केवल अखिल भारतीय और राज्य कैडर के अफसरों के एसीआर ही आनलाइन मेंटेन करवाए जा रहे।
उसके बाद पांच वर्ष पूर्व एनआईसी ने वित्त विभाग में आनलाइन फाइल ट्रैकिंग सिस्टम लागू कराया। अब पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग में इस पर काम चल रहा है। इसमें भी केवल फाइल किस कर्मचारी या अधिकारी के पास है, वह देखा जा सकता है। शेष सभी विभागों में ई-फाइलिंग या ई- आफिस लागू ही नहीं है। ऐसी स्थिति में सतपुड़ा की तरह महानदी या इंद्रावती भवन में अनहोनी होती है तो यहां भी खाक होना निश्चित है।
विधानसभा से सीखा जा सकता है
यहां बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में सदन कि कार्यवाही की एक बड़ा हिस्सा डिजिटल हो चुका है। विधायक अपने प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचनाएं आनलाइन ही देते हैं। और उनके विभागीय जवाब भी आनलाइन लिए जा रहे हैं। ये भी आम लोगों के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। आने वाले दिनों में कार्यवाही को भी आनलाइन करने की तैयारी है। इस डिजिटल व्यवस्था से कागज के उपयोग में बड़ी कमी आई है।