रायपुर

करिज़्मा में बुलेट फायर कोल लेवी से जुड़ा मामला...?
13-Jun-2023 6:54 PM
करिज़्मा में  बुलेट फायर कोल लेवी से जुड़ा मामला...?

विजय पांडे, सूर्यकांत के करीबी सुनील अग्रवाल का एकाउंटेंट है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून। पंडरी- मोवा इलाके के वीआईपी करिश्मा अपार्टमेंट में इंद्रमणी कोल के अकाउंटेट विजय शेखर पाण्डेय के फ्लैट में रविवार सुबह गोली चली। यह कोल कंपनी, ईडी की गिरफ्त में आए और बीते आठ महीनों से जेलयाफ्ता सुनील अग्रवाल की है।  रविवार को हुई इस फायरिंग को लेकर पुलिस को कोई सबूत हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह कोल लेवी से जुड़ा हो सकता है । इस मामले में पुलिस को पिस्टल की जगह रायफल से गोली चलाए जाने की आशंका है। अब तक पुलिस को खाली कारतूस बरामद नहीं हो सका है। इस वजह से किस स्तर की बंदूक से गोली चली इस बात का पता नहीं चल सका है।

बैलेस्टिक एक्सपर्ट लेजर गन लेकर जांच के लिए पहुंचे। लेजर गन से गोली चलाने की दिशा और एंगल की जानकारी जुटाई गई। वहीं यह भी देखा गया कि बुलेट शीशा से टकराने के बाद किस दिशा में गया होगा। दिनभर की पड़ताल के बाद भी कारतूस नहीं मिल सकी है।

ब्रिज के ऊपर से कार फायरिंग की आशंका

घटना सुबह 10 से 11 बजे के बीच की है। ऐसे में पैदल या बाइक से आकर फायरिंग करने की बात से पुलिस इनकार कर रही है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश कार से आकर ब्रिज के ऊपर से टारगेट लगाकर फायरिंग की है।

पंडरी ओवरब्रिज में सुबह 10 से 11 बजे के बीच रविवार को जितनी कार गुजरी है, उस संबंध में जानकारी जुटा कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तीन किलोमीटर के दायरे के सीसीटीवी के माध्यम से जो फुटेज हासिल किए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों के टारगेट में विजय पांडेय का फ्लैट था कि या फिर कोई और। अलग-अलग फ्लैट के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।


अन्य पोस्ट