रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। राजधानी के स्टेशन में अवैध रूप से खाद्य सामग्री एवं पेय अनाधिकृत रूप से तमाम रेल अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों की मौजूदगी में प्लेटफार्म और ट्रेनों में बेचा जा रहा है।
यह अवैध वेंडर कहां से खाद्य एवं पेय पदार्थ बना कर ला रहें हैं इसकी गुणवत्ता क्या है यह एक सोचनीय विषय है। यह अवैध कारोबार करने वाले लोग अन्य प्रदेशों से यहां आकर रेलवे स्टेशन में अवैध कारोबार बिना किसी भय के कर रहे हैं। इनकी जांच किया जाना अतिआवश्यक है क्योंकि इनमें कुछ अपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी हो सकते हैं जो कभी भी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते हैं। इनका कोई भी रिकॉर्ड रेलवे प्रशासन और ना ही सुरक्षा कर्मचारी के पास नहीं है।
रेलवे आये दिन रेलवे स्टेशन एवं आम रेल यात्रियों के सुरक्षा को लेकर तमाम तरह के खोखले वादे करता है परन्तु इन वादों को यह अवैध कारोबार करने वाले लोग पलीता लगाने का काम कर रहे हैं और रेलवे के तमाम आला अधिकारी एंव रेलवे स्टेशन रायपुर में पदस्थ जवाबदार अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मचारी कुंभकरणी नींद में सोते हुए चुप्पी साधे हुए हैं।
इससे समझा जा सकता है कि इनकी कितनी सांठगांठ है। संघ ने पांच माह पूर्व रेलवे के तमाम आला अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी। केवल खानापूर्ति करते हुए किसी प्रकार की कार्यवाही आज तक नहीं की गई और अवैध कारोबार पहले से कही ज्यादा अच्छे तरीके से चल रहा है।
रेलवे खानपान सेवा ठेकादारी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष ऋषि उइके ने रेलवे के तमाम आला अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मचारियों से आग्रह किया है कि इन अनाधिकृत वेंडरो की जांच कर अवैध कारोबार पर शीघ्र रोक लगाए।