रायपुर

विस्तारा 30 तक रद्द, लखनऊ-भुवनेश्वर उड़ान कल से
13-Jun-2023 6:48 PM
विस्तारा 30 तक रद्द,  लखनऊ-भुवनेश्वर उड़ान कल से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून। टाटा नीत विस्तारा एयरवेज ने अपनी दिल्ली-रायपुर-दिल्ली उड़ान को 16 दिनों के लिए रद्द कर दिया है। सुबह आने वाली और शाम को दिल्ली वापसी की यह सीधी उड़ान 30 जून तक स्थगित होने पर यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं एक माह तक ग्राउंड रही लखनऊ भुवनेश्वर विमान सेवा कल से फिर उड़ान भरेगी। इस विमान से भुवनेश्वर पहुंचने पर बैंकाक, सिंगापुर भी जा सकते हैं ।

सूत्रों के मुताबिक बजट वाली  घरेलू विमानन कंपनी इंडिगो ने अन्यान्न कारणों से भुवनेश्वर उड़ान सेवा को एक माह पूर्व स्थगित किया था। इसके साथ ही यूपी और ओडिशा मूल केन छत्तीसगढ़वासियों को अपने गृह प्रदेश पहुंचने में दिक्कत हो रही थी। क्योंकि एयर इंडिया ने भी भुवनेश्वर उड़ान को हमेशा के लिए बंद कर दिया था। यात्रियों की मांग पर ट्रैवल एजेंट्स के दबाव के बाद इंडिगो कल 14 जून से पुन: उड़ान शुरू कर रहा है। इसे लखनऊ से भी कनेक्ट किया गया है। सप्ताह  के सोमवार, बुधवार, शुक्र-रवि को  यह उड़ान लखनऊ- रायपुर-भुवनेश्वर और इसी रूट पर वापसी होगी। भुवनेश्वर से सुबह 8.20 बजे उडक़र 9.40 को रायपुर, 10.10 भुवनेश्वर पहुंचेगा। वापसी में भुवनेश्वर से 11.15 बजे उडक़र 11.50 बजे रायपुर और 12.55 को भुवनेश्वर पहुंचेगा।

पांच महीनों में रिकॉर्ड यात्रियों ने उड़ान भरा

इधर रायपुर एयरपोर्ट से बीते पांच महीनों के दौरान रिकार्ड 1001928 यात्रियों ने उड़ान भरा । एयरपोर्ट डायरेक्टर नितिन जैन के मुताबिक वर्ष 2022 में जनवरी से मई के दौरान 7586 उड़ानें ऑपरेट हुई जिनमें 796946 यात्री आए,गए। वहीं इस वर्ष इन पांच महीनों में 130 अधिक उड़ानें 7716 विमान आपरेट हुए। साप्ताहिक उड़ान और यात्रियों की आवाजाही में बढ़त रही । बीते 26 मई से 4 जून तक 166 विमानों में 24976 यात्री आए और 24975 गए। वहीं  5-11 जून तक  संचालित 165  उड़ानों में 24433  यात्री आए और  24226 गए।


अन्य पोस्ट