रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। पीएससी -21 घोटाले को लेकर प्रदेश भाजयुमो ने मंगलवार को राज्यपाल हरिचंदन को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने उनसे इन नतीजों और पीएससी की सीबीआई से जांच कराने सी मांग की है। इसके बाद अब मोर्चा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में 19 तारीख को मुख्यमंत्री निवास घेराव करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने युवाओं से कहा कि पीएससी भ्रष्टाचार के खिलाफ युवा हमारा साथ दे इस आंदोलन में भ्रष्ट भूपेश के खिलाफ आवाज उठाए। इस आंदोलन के लिए विभिन्न जगहों में युवाओं से संपर्क लगातार किया जा रहा है। प्रदेश के तमाम युवा जिनके साथ इस भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने पीएससी भ्रष्टाचार में उनके भविष्य के साथ खेला है सभी का साथ भाजपा को मिल रहा है।
रवि भगत ने कहा पीएससी के चेयरमैन ,सचिव सबने मिल के अपने निजी लोगो को अधिकारी बना दिया। पहली बार हुआ है कि जब नतीजा आता था तो कहीं कोचिंग सेंटर श्रेय लेते थे कि ये अभ्यर्थी हमारे यहाँ से पढ़ाई करने से अधिकारी बना है पर इस परिणाम में ऐसा कुछ नही हुआ।ऐसे अभ्यर्थी पास हुए है जिनको किसी ने ना कभी किसी कोचिंग या किसी गुरु से अपने तैयारी को ले कर के चर्चा किया हो या ना किसी लाइब्रेरी में अध्ययन करते हुए देखा हो। तमाम ऐसे और भी कई बिंदु है जो पीएससी तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ,मीडिया ,जनता के मन में उत्पन्न हो चुके है और सरकार के पास जवाब नहीं। इस परिणाम से सरकार के कमीशन मास्टर मुख्यमंत्री की पोल खुल चुकी है और अब इन्हें उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।