रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जून। प्रदेशभर में 16 जून से स्कूलों में नए सत्र की शुरूआत हो रही है। इस बीच स्कूलों के खुलने से पहले किताबों को लेकर पेरेंटस दुकानों के चक्कर लगा रहे है। सरकारी स्कूलों में तो ये सारी सुविधाएं स्कूल प्रबंधन की होती है। लेकिन प्राइवेट स्कूलों में इन दिनों मनमानी चल रही है।
हिन्दी,अंग्रेजी माध्यम के छात्रों को किताबों के लिए भटकना पड़ रहा है। एनसीईआटी और सीबीएसई पाठयक्रम के लिए किताबों की मारामारी चल रही है। प्राइवेट स्कूल ऐसे विषयों का चयन करते हैं, जिसकी किताबें बाजार में नहीं बल्कि उनके बताए गए स्टोर्स पर ही उपलब्ध रहती है। जहां दुकानदार मनमानी दाम लगाकर किताबों को बेच रहे हैं। किसी- किसी किताब में तो एमआपी भी नहीं होती और ना ही सिलेबस में फिर भी प्राईवेट स्कूल इन किताबों की लिस्ट बना दुकानदारों के हाथों में दे देते है। और स्कूल प्रबंधन के इशारों पर दुकानदार किताबों को बेच भी रहे है। ऐसा ही मामला राजधानी के एक निजी स्कूल में देखने को मिला है। जहां पर तीसरी कक्षा के अंग्रेजी माध्यम की किताबे बाजार में नहीं लेकिन स्कूल प्रबंधन के बताए दुकान पर ही उपलब्ध है। जिसे दुकानदार बिना एमआरपी वाली किताबों को अपने हिसाब कमीशन जोडक़र मोटे दामों में बेच रहें है। पालक भी बिना किसी पूछताछ के बच्चों के लिए किताबे खरीद रहे।
छत्तीसगढ़ की पड़ताल में समता कालोनी स्थित एक दुकान में किताबे खरीदने आए अभिभावक से पूछताछ करने पर पता चला कि उसने अंग्रेजी माध्यम की किताबे खरीदी है। जो आकाश पब्लिकेशन की बताई गई। इसमें कई किताबों में तो रेट ही नहीं लिखे दुकानदार अपने मन से ही रेट लगा रहे। दरअसल दुकान स्कूल प्रबंधन की बताई हुई है इस लिए खरीदना पड़ रहा है।
ऐसे ही हाल कपड़े, और जूतों को लेकर भी है। पालकों पर दुकान विशेष से खरीदने ही दबाव बनाया जाता है, जो स्कूलों से कमीशन पर अनुबंधित होते हैं। कुछेक स्कूल ऐसे भी हैं जिन्होंने स्वयं की दुकानें खोल रखी हैं।