रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। प्रभा खेतान फाउंडेशन द्वारा राजधानी में एक दिवसीय आखर छत्तीसगढ़ कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं अभिकल्प फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम रविवार सुबह 10:30 से शाम 6:30 बजे तक न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हाल में होगा ।
फाउंडेशन स्वर्गीय डॉ प्रभा खैतान द्वारा स्थापित एक गैर-लाभकारी न्यास है। कोलकाता स्थित फाउंडेशन प्रदर्शन कला, संस्कृति और साहित्य को बढ़ावा देता है। फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को श्रीसीमेंट लिमिटेड अपने सीएसआर पहल के रूप में सहयोग प्रदान करता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की राजभाषा छतीसगढ़ी और अन्य आंचलिक बोली (जैसे- सरगुजिहा, हल्बी, गोंडी, कुडुक, सदरी इत्यादि) के साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर वैचारिक परिचर्चा आयोजित करना है।
15 से अधिक बोली-भाषाओं पर केंद्रित दिन भर चलने वाले इस आयोजन में 7 सत्र होंगे जिनमें सरगुजा से लेकर बस्तर की बोली-भाषा के साथ ही छत्तीसगढ़ी कविता-कहानी, युवा लेखन और सोशल मीडिया पर केंद्रित 7 पैनल डिस्कशन होंगे, जिसमें 30 से अधिक साहित्यकार और 10 से अधिक छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार शिरकत करेंगे।
आयोजन में प्रदेश के सभी संभाग से विषय विशेषज्ञ, साहित्यकार और लेखकों को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। इनमें पद्मश्री डॉ. भारती बंधु, मदन चौहान, उषा बारले एवं संगीत नाट्य अकादमी सम्मान प्राप्त काशीराम साहू शामिल होंगे। कार्यक्रम में युवा लेखकों एवं डिजिटल माध्यम पर छत्तीसगढ़ के साहित्य, संस्कृति, परंपरा और सभ्यता को बढ़ावा देने निरंतर प्रयास कर रहे डिजिटल क्रिएटर्स के लिए विशेष सत्र का आयोजन किया जायेगा।