रायपुर
गिरफ्तार चोर से 4.72 लाख बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मई। बीते मंगलवार को डूमरतराई थोक बाजार स्थित एम आर स्टोर्स से लाखों रूपए नगदी चोरी कर फरार हुए कर्मचारी सुरेश चक्रधारी गिरफ्तार कर लिया गया है। अपने बयान बार,बार बदलकर वह उलझ गया था।
थोक मार्केट डुमरतराई में दुकान नं0 बी/112 एम आर स्टोर के संचालक अजय कुमार जयसिंघानी ने थाना माना कैम्प में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह कोल्ड्रींक, पानी एवं कन्फेंक्शनरी सामान का व्यवसाय करता है। अजय 23 मई की सुबह घर से एक ग्रे कलर के बैग में 5.85 लाख रू0 नगद लेकर दुकान गया। तथा करीब 11.50 बजे दुकान खोलकर रकम भरे बैग को गल्ला में रखा। उसी समय दुकान में ग्राहक एवं हमालों की भीड़ लग गई।
अजय दुकान में अकेला था तथा सामान लेन-देन कर रहा था। 10 मिनट बाद पुन: गल्ला खोलकर गल्ले में रखे बैग से चिल्हर 10-10 रू की गड्डी निकालकर गल्ले में बैग को पुन: रख दिया। और 20 मिनट तक दुकान के ग्राहकों को सामान लेन-देन करते रहा। और करीब 20 मिनट बाद गल्ला खोलकर देखा तो गल्ले में रखा बैग सहित नगदी रकम 5.85 लाख रू. नहीं थे। बैग में अजय का ड्राईविंग लायसेंस, आधार कार्ड, पेन कार्ड भी रखा था। कोई अज्ञात चोरी कर गयी। इस मामले को धारा 380 भादवि. के तहत दर्ज कर पतासाजी शुरू की।
पुलिस की टीम ने दुकान और पूरे इलाके का निरीक्षण कर अजय और अन्य कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल पर लगे सी.सी.टी.व्ही. के फुटेज के साथ ही मुखबीर भी लगाये गये। दुकान के कर्मचारियों से भी पृथक - पृथक बयान लिया गया। इसी दौरान कर्मचारी सुरेश चक्रधारी से पूछताछ करने पर वह बार - बार अपना बयान बदल कर टीम को गुमराह करता था जिससे पुलिस का संदेह गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सुरेश ने चोरी स्वीकार की।
सुरेश ने बताया कि वह दुकान में विगत 8-9 माह से कार्य कर रहा है। दिनांक घटना को जब अजय के ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त देख मौका पाकर रकम भरे बैग को लेकर दुकान की दूसरीं मंजिल में एक कार्टून में छिपा दिया था एवं 2 दिनों तक बैग से कुछ रकम को निकालकर अपने घर गली नंबर 10 एकता नगर टेमरी माना कैम्प ले गया था ।तथा शेष रकम को यथावत दुकान में ही छिपा कर रखा । उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम 4,72,600/- रूपए ड्राईविंग लायसेंस, आधार कार्ड, पेन कार्ड जप्त किया गया।
रिपोर्ट में भी फर्क: इस मामले में रिपोर्ट में लिखाए घटनाक्रम में भी बदलाव है। 24 मई को पुलिस के डेली रिपोर्ट शीट (डी एस आर) में रकम बैंक में जमा करने के लिए जा रहे नौकर के फरार होने की बात कही गई थी।और कल गिरफ्तारी रिपोर्ट में गल्ले से रकम निकाल कर फरारी की बात कही गई है।