रायपुर

नवतपा का तीसरा दिन आंधी, बादल और बारिश
28-May-2023 2:38 PM
नवतपा का तीसरा दिन आंधी, बादल और बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 मई।  द्रोणिका के प्रभाव से  छत्तीसगढ़ का मौसम अचानक बदल गया है। शनिवार शाम तेज अंधड़ आने के बाद  मौसम में  कुछ ठंडक रही। लेकिन  मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ वहीं उत्तरी इलाके में तापमान में गिरावट आई है।

रविवार को  सुबह राजधानी में  तेज धूप के बाद पूर्वान्ह से हल्के बादल बने । वहीं  प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा के भी आसार है। तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद सोमवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

इससे पहले नौतपा के तीसरे दिन शनिवार शाम को रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया और आंधी-तूफान के साथ बूंदाबांदी भी हुई। इसके चलते बहुत से क्षेत्रों में पेड़ गिरने के साथ ही बिजली भी गुल रही। मौसम का मिजाज बदलने से मौसम भी थोड़ा खुशनुमा हो गया। नौतपा का तीसरा दिन भी अपेक्षाकृत कम तपा, हालांकि दोपहर को गर्मी बनी रही। शनिवार को भी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए। शनिवार को रायपुर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश भर में धमतरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बूढ़ापारा स्थित धरना स्थल में शनिवार शाम को आंधी तूफान के कारण पंडाल भी उड़ गया और इसके चलते कुछ लोगों को चोंटे भी आइ। आंधी तू्फान की तीव्रता का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि के चलते मारवाड़ी शमशान घाट स्थित इलेक्ट्रिक शवग्रह के ऊपर लगी चिमनी भी गिर गई।

पंडरी कपड़ा मार्केट के रास्तों में लगे बिजली के स्मार्ट खंबे आधे गिरे, एक-एक की कीमत 2-2 लाख की बताई गई। 

महादेवघाट रोड पर विशाल नीलगिरी का पेड़ वहां से गुजर रहे एक बीएमडब्ल्यू कार पर जा गिरा। इसमें सवार पति-पत्नी को हल्की चोटें आई। 

और इधर मानसून 
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष अलनीनो के प्रभाव के मानसून सामान्य से थोड़ा कम होने की संभावना है। मालूम हो कि इस वर्ष मानसून भी सामान्य से चार दिन विलंब के साथ प्रवेश करेगा। जगदलपुर में 13 जून, रायपुर में 16 जून और अंबिकापुर में 21 जून से मानसून आने की संभावना है।
 


अन्य पोस्ट