रायपुर

पण्डित नेहरू को 59 वीं पुण्यतिथि पर पांच लोगों ने दी श्रद्धांजलि...
27-May-2023 6:13 PM
पण्डित  नेहरू को 59 वीं पुण्यतिथि पर पांच लोगों ने दी श्रद्धांजलि...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। शनिवार को भारत  के प्रथम प्रधानमंत्री और कांग्रेस के चार बार अध्यक्ष रहे पण्डित जवाहर लाल नेहरू की 59 वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर सादर नमन करने निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में  गाँधी - नेहरू उद्यान परिसर में स्थित प्रतिमा  स्थल पर  जोन क्रमांक 4 के सहयोग से  संक्षिप्त श्रध्दांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया ।इसमें संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी सहित पांच  सामाजिक कार्यकर्त्ताओं ने प्रतिमा  को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की। यह पूरा आयोजन निगम प्रशासन का था जिसमें सभी पार्षदों को विधिवत आमंत्रण भी भेजा जाता है। किन्तु कोई भी नहीं पहुंचा। दोपहर 3.30 बजे इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय या शहर जिला कांग्रेस के कार्यालय से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में न तो कोई विज्ञप्ति आई न कोई फोटो।

गांधी-नेहरू की कसमें खाने वाले कांग्रेसियों को फूल चढ़ाने की फुर्सत नहीं-ठाकुर

आज पंडित जवाहरलाल नेहरू के पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि बहुत ही दुख का विषय कांग्रेस के नेता नेहरू  के नाम से सदैव राजनीति करते रहते हैं उनके मान, सम्मान, प्रतिष्ठा की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं  लेकिन आज उनकी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाने के लिए 4 कांग्रेसी भी नहीं पहुंचे इससे कांग्रेस की असल राजनीति की पोल खुल चुकी है।

देवलाल ठाकुर ने कहा आज राज्यसभा के उप नेता, प्रमोद तिवारी जी रायपुर में ही हैं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी यही हैं बड़े-बड़े नेता यही हैं लेकिन रायपुर स्थित पंडित जी की प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने कोई नहीं पहुंचा, पंडित नेहरू का इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है। आज कांग्रेस, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति सभी के सम्मान की बात कर रही है लेकिन स्वयं जो पार्टी अपने ही नेता का सम्मान नहीं कर पा रही है उसके द्वारा औरों के सम्मान की बात करना महज नाटक है इसका यह प्रत्यक्ष प्रमाण है।


अन्य पोस्ट