रायपुर

भरोसे के सम्मेलन में मिला चेक अब तक क्रेडिट नहीं हुआ...!
27-May-2023 6:06 PM
भरोसे के सम्मेलन में मिला चेक अब तक क्रेडिट नहीं हुआ...!

तेंदूपत्ता संग्राहकों के आश्रित बैंक से बैरंग लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। भरोसे के सम्मेलन में जिन मृत तेंदूपत्ता संग्राहक के आश्रितों को बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया था, उनमें से सिर्फ एक को ही राशि मिल पाई है। बाकी चार की आश्रितों के खाते में अब तक राशि नहीं पहुंची है। इन आश्रितों को बैंक से बैरंग लौटना पड़ा। अब इस मामले की अलग-अलग स्तरों पर शिकायत के बाद लघु वनोपज संघ प्रबंधन ने सुध ली है, और आश्रितों तक राशि पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

लघु वनोपज संघ के एमडी अनिल राय ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि आश्रितों को राशि नहीं मिलने की जानकारी उन तक पहुंची है।  संघ ने राशि आश्रितों के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी थी। लेकिन आश्रितों के खाते का आईएफसी कोड मिसमैच होने के कारण राशि उनके खाते तक नहीं पहुंच पाई। सिर्फ एक को ही राशि मिली है। बाकी चार की राशि वापस आ गई। अब उनके खाते में सोमवार को दोबारा राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी जाएगी।

बताया गया कि पाटन में गत 21 मई को आयोजित कांग्रेस के भरोसे के सम्मेलन में सीएम भूपेश बघेल ने मृत तेंदूपत्ता संग्राहकों के आश्रितों को महेन्द्र कर्मा बीमा योजना के तहत राशि का डेमो चेक दिया था। ये सभी लोग सुकमा के हैं। बाद में जब हितग्राही बैंक पहुंचे, तो उनके खाते में राशि नहीं पहुंची थी।

सिर्फ एक के खाते में बीमा राशि आई थी। इसके बाद पीडि़त लोगों ने डीएफओ, और अन्य प्रमुख लोगों से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिन आश्रितों को बीमा राशि मिलना है उनमें हिड़मे 2 लाख, करण सिंह बघेल 30 हजार, नंदाराम 2 लाख, विद्या ठाकुर 2 लाख और शांति 4 लाख है। इसमें से शांति को राशि मिल गई है। बाकियों को राशि नहीं मिलने पर शिकायत वन मंत्री मोहम्मद अकबर तक पहुंची। उन्होंने मृतक के आश्रितों को बीमा का पैसा नहीं मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया। इसके बाद लघु वनोपज संघ ने बैंक प्रबंधन से चर्चा कर त्रुटि को ठीक करे के लिए पहल की है। इसके बाद सोमवार को हितग्राहियों को राशि मिलने की उम्मीद है।

रकम ऑनलाइन ट्रांसफर के बाद भी कई जगहों पर हितग्राहियों के खाते में पैसा नहीं आने की शिकायत पर लघु वनोपज संघ ने बैंक प्रबंधन को पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि 14 हितग्राहियों को एक करोड़ 54 लाख 60 हजार रूपए की बीमा राशि हितग्राहियों को ट्रांसफर की जा रही है। किसी कारण वश खाते में राशि हस्तांतरण नहीं होती है, तो भुगतान राशि आ जाती है तो उसी कालम में रिटर्न का कारण स्पष्ट करते हुए वापस आई राशियों का विवरण एक हफ्ते के भीतर प्रस्तुत किया जाए। कहा जा रहा है कि बाद में 25 तारीख को जारी की गई बीमा राशि हितग्राहियों के आश्रितों को मिल गई है।


अन्य पोस्ट