रायपुर
रायपुर, 27 मई। राजधानी रायपुर के कृषि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक आम चोरी के शक में ठेकेदार के गुर्गों ने विद्यार्थियों को जमकर पीटा। बता दें हास्टल में घुसकर छात्रों से मारपीट की गई है। वहीं प्रबंधन ने मामले को रफा-दफा करा दिया। वहीं ठेकेदार ने छात्रों से माफी भी मांगी है। इस घटना से कृषि विश्वविद्यालय की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। विद्यार्थियों के साथ की गई मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दरअसल, कृषि विश्वविद्यालय में फल और सब्जियों का बगीचा है, जिसे राकेश सोनकर नामक व्यक्ति को कृषि विश्वविद्यालय का ठेका दिया गया है। ठेकेदार को लगता था कि हॉस्टल के छात्र बगीचे में घुसकर आम चोरी कर खाते है। इसी बात को लेकर ठेकेदार के कुछ गुर्गे हॉस्टल में घुसकर छात्रों के साथ जमकर मारपीट की। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ पता चल रहा है कि पहले तो बाइक में सवार हो कर कुछ लोग अंदर आए। उसके पीछे से हाथ में डंडा लिए एक व्यक्ति अंदर आता दिखाई दे रहा है। एक स्टूडेंट ने अपनी बाइक रोकी तो, डंडा लेकर आया व्यक्ति उस स्टूडेंट से मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद हॉस्टल के छात्रों ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कुलपति कक्ष का घेराव किया। जिसके बाद जांच कमेटी बनाई गई। इसके बाद ठेकेदार ने छात्रों से माफी मांगी।