रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मई। सस्ते दाम पर 3010 क्विंटल चना सप्लाई करने का झांसा देकर 1.46 करोड़ रूपए की ठगी करने वाला गुजरात का अंतर्राज्यीय ठग सूरत के फिरोज उस्मान लखानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका बेटा फरार है। दोनों ने मिलकर शहर के राजकुमार दम्मानी को सस्ते दाम में चना दिलाने का झांसा देकर ठगा था। दम्मानी कई फर्मो में बतौर एजेंट के रूप में थोक में अनाज क्रय-विक्रय करता है ।
उस्मानी और बेटे के विरूद्ध थाना उरला में भी ठगी का अपराध दर्ज है । पुलिस का कहना है कि दोनों ने कई राज्यों में भी लोगों से करोड़ो रूपये ठगे। हालांकि इनका विवरण नहीं दे पाई । पुलिस फिरोज उस्मान लखानी को रिमाण्ड पर लेकर ठगी की रकम व उसके फरार पुत्र आतिफ लखानी की पतासाजी कर रही है। उनके विरूद्ध थाना आजाद चौक में धारा 420, 34 भादवि. का अपराध दर्ज किया गया है।
राजकुमार दम्मानी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था । वह लक्ष्मी इंटरप्राइजेस, तिरूपति ट्रेडर्स एवं मां भावानी इंटरप्राईजेस फर्मो के एजेंट के रूप में काम करता है।