रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। शहर से बिलासपुर जाने वाली सिक्स लेन हाइवे की सर्विस रोड पर आज फिर एक महिला की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. चार दिन पहले भी सांकरा धनेली में 3 लोगों की मौत हो चुकी है। महिला की मौत से भडक़े ग्रामीणों ने सर्विस रोड को जाम कर दिया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सांकरा चौक पर एक दुपहिया को हाइवा ने रौंद दिया, जिससे दोपहिया सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सर्विस रोड को जाम कर दिया है।
अंडरब्रिज विहीन औद्योगिक क्षेत्र से गुजरने वाली सिक्स लाइन एवं संकीर्ण सर्विस रोड उस पर भी अवैध पार्किंग की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एनएचएआई की मनमानी से यह सडक़ खूनी सडक़ हो गई है। पखवाड़े भर पहले मुरेठी की महिला सरपंच की भी इसी मार्ग पर हादसे में मौत हुई थी। ग्रामीण सांकरा में अंडरब्रिज एवं सिक्स लाइन पर दोनों तरफ से चढऩे-उतरने मार्ग बनाने की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं, लेकिन शासन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।