रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मई। रायपुर के भाटागांव बस स्टैंड पर 3 महिलाओं ने मिलकर एक नाबालिग लडक़ी की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोसे के पैसे को लेकर हुए विवाद में मारपीट की गई है। टिकरापारा पुलिस के के मुताबिक, 16 साल की नाबालिग ने बस स्टैंड के सामने कान्हा नाश्ता सेंटर में दोसा खाया।
जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे, तो लडक़ी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इससे दुकानदार और नाबालिग के बीच विवाद होने लगा। नाबालिग लडक़ी ने दुकानदार के साथ गाली गलौज भी शुरू कर दी। इस नाश्ता सेंटर की 3 महिलाएं उसे चारों तरफ से घेरकर पीटने लगीं। महिलाओं ने नाबालिग को हाथ और मुक्के से जमकर पीटा। इधर सूचना मिलने पर डायल 112 और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन महिला कॉन्स्टेबल के नहीं होने के कारण तुरंत इन्हें छुड़ा नहीं सके। हालांकि जैसे-तैसे विवाद शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस इन्हें लेकर टिकरापारा थाने ले आई। पुलिस ने बताया कि युवती बस स्टैंड के पास ही रहती है।


