रायपुर

शिक्षकों या पदस्थापना गृहजिले के संकुल ब्लॉक में हो, जेडी को पत्र
24-May-2023 6:00 PM
शिक्षकों या पदस्थापना गृहजिले के संकुल ब्लॉक में हो, जेडी को पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 मई। राजधानी संभाग में भी कॉउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार पदांकन के लिए शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक विद्यालय खोले गए थे । शिक्षकों के द्वारा या तो असहमति का विकल्प लिया गया या फिर  मजबूरीवश अपने गृहजिले से दूरस्थ स्थानों का चयन किया गया।

ऐसी परिस्थितियों में शिक्षक सभी संगठन नेताओं से लगातार संपर्क कर रहे है। संगठन ने  संयुक्त संचालक रायपुर को पत्र लिखते हुए मानवीय दृष्टिकोण से पदांकन करने का परामर्श दिया है।

छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक संघ के केदार जैन ने पत्र में लिखा है कि जिन शिक्षकों ने असहमति दिया है उनका  पदांकन उनके गृहजिले के आसपास रिक्त शालाओं में संकुल व ब्लॉक के अंतर्गत ही किया जाए साथ ही मजबूरीवश सहमति देकर स्थान चयन करने वाले  शिक्षकों का भी  संशोधन आवेदन प्राप्त होने पर उनके गृहजिले के संकुल व ब्लॉक में रिक्त स्थानों पर पदांकन आदेश जारी किया जाए ताकि शिक्षक अपनी पूरी ऊर्जा से बिना किसी परेशानी के बच्चों को पढ़ा सके ।

संगठन के प्रांतीय मीडिया प्रभारी अमित दुबे ने बताया कि दूरस्थ स्थानों में पदस्थापना से शिक्षको में भय का वातावरण बना हुआ है। उन्हें पदोन्नति अवसर कम आपदा अधिक नजर आने लगा है। वैसे भी लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों को पदोन्नति का अवसर प्राप्त हुआ है ।अत: मानवीय दृष्टिकोण से शिक्षकों का पदांकन किया जाना ही न्यायोचित रहेगा।


अन्य पोस्ट