रायपुर

कल से नौतपा की शुरूआत,सूरज दिखाएगा तेवर
24-May-2023 4:53 PM
कल से नौतपा की शुरूआत,सूरज दिखाएगा तेवर

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 मई। कल से नौतपा का दौर शुरू होने वाला है। इस दौरान प्रदेश में गर्मी और उमस बढऩे की संभावना है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बता दें कि बंगाल के खाड़ी में पिछले कुछ दिनों से नमी बनी हुई है। इस वजह से कई राज्यों के मौसम में बदलाव हो सकता है।

वहीं तापमान की बात करें तो मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान महासमुंद और राजनांदगांव में 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अंबिकापुर में 40.5, कोरबा में 41.4, बिलासपुर में 41.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में 35.6, दुर्ग में 40.6 और बीजापुर में 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

कल से नौतपा की शुरुआत

 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। जो 9 दिनों तक  गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ के महीने में सूर्य 15 दिनों के लिए रोहिणी नक्षत्र में भ्रमण करता हैं। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा की शुरुआत हो जाती है। इस साल नौतपा 25 मई से शुरू हो रही है। नौपता की शुरुआत 25 मई से होगी और 2 जून तक रहेगी। 25 और 26 मई को सामान्य गर्मी रहने की संभावना है। 27- 30 मई के बीच सूरज की तपिश से पारा बढऩे लगेगा। प्रदेश में इन नौव दिनों में झूलसाने वाली गर्मी पड़ सकती है।   साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं। इन दिनों मौसम शुष्क रहेगा। रात में भी गर्मी और उमस का अहसास होने लगेगा।


अन्य पोस्ट