रायपुर

रायपुर ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष बॉबी कश्यप हटाए गए, वर्मा को कमान
23-May-2023 2:33 PM
रायपुर ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष बॉबी कश्यप हटाए गए, वर्मा को कमान

जिला संगठन प्रभारी भी हटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 23 मई।
ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष अनिमेष कश्यप (बॉबी)को हटा दिया गया है। उनकी जगह टंकराम वर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है। कश्यप को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में रखा गया है। 

बताया गया कि अनिमेष कश्यप को काफी सक्रिय माना जाता रहा है, लेकिन उन्हें हटाने के पीछे पार्टी की अंदरूनी खींचतान को प्रमुख वजह बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि जिला प्रभारी प्रहलाद रजक से उनकी ठन गई थी। रजक लगातार उनके खिलाफ शिकायतें कर रहे थे। कश्यप ने भी प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय को रजक की जगह किसी दूसरे को प्रभारी बनाने की वकालत की थी। 

हालांकि विवादों के बावजूद मन की बात का कार्यक्रम सबसे अच्छा रायपुर ग्रामीण में ही हुआ था। जहां भानसोज में प्रभारी ओम माथुर भी थे। इससे परे गोढ़ी में पिछले दिनों गौठान निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के दौरे के पहले विरोध प्रदर्शन को लेकर काफी विवाद हुआ था। कार्यक्रम की असफलता के लिए अनिमेष को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। इन सबकी वजह से कश्यप की जगह जिला पंचायत के उपाध्यक्ष टंकराम वर्मा को ग्रामीण जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। 

प्रदेश नेतृत्व ने प्रहलाद रजक को भी हटा दिया है। उनकी जगह अशोक पांडेय को जिले का संगठन प्रभारी बनाया गया है। कश्यप को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। उन्हें धरसींवा के विधानसभा टिकट का दावेदार माना जा रहा है। 
 


अन्य पोस्ट