रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मई। राजधानी के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 में खड़ी दुर्ग लखनऊ गरीबरथ में शार्ट सर्किट की खबर है।इस ट्रेन के बोगी नंबर जी-4 में ये सर्किट हुआ है. इसकी सूचना की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को दे दी गई है। इस सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी के साथ कोच मेंटेनेंस के कर्मचारी भी वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक पहियों के एक्सल से धुंआ निकल रहा था। शार्ट सर्किट की तलाश कर रहे थे कि हॉट एक्सल के कारण यह धुंआ निकला बताया गया। इसे देख पूरे कोच से यात्रियों को उतार दिया गया, और उसकी जगह एक अतिरिक्त कोच लगाकर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
इस घटना ने रेलवे के मेंटेनेंस पर सवाल खड़े कर रहा है। टर्मिनेटिंग स्टेशन में ट्रेनों के रख रखाव के नाम पर केवल सफाई ही की जाती है। इस तरह के तकनीकी काम को नजर अंदाज किया जाता है। इस वजह से ही ऐसी घटनाएं होती हैं। हॉट एक्सल का मतलब ब्रेक के जाम होने से पहिए घूमने के बजाए घसिटते हुए चलते हैं। बताया गया है कि यदि यह आग या धुआं रनिंग के दौरान होता तो तेज हवा की मदद से आग बड़ी हो सकती थी।