रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने आज पत्रकार वार्ता में दो हजार करोड़ के शराब घोटाले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इस्तीफा मांगा है। प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुंपेंडी, प्रदेश प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल साहू ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी अनेक संदेशों को जन्म देती है। श्री विजय झा ने कहा है कि हर मुद्दे पर तपाक से जवाब देने वाले मुख्यमंत्री सोशल मीडिया में वायरल हो रहे चैट व दस्तावेजी सबूत पर चुप क्यों है।यदि यह सोशल मीडिया गलत है समाचार गलत है तो मुख्यमंत्री को इस संबंध में अपनी चुप्पी तोडऩी चाहिए।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं गोपाल साहू, नंदन कुमार सिंह, एमएम हैदरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष वीरेंद्र पवार आदि ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है। अन्यथा सोमवार 22 मई को आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
आप कार्यकर्ता हिरासत में : इधर पाटन से सांकरा में आयोजित भरोसे के सम्मेलन के लिए जा रहे सीएम भूपेश बघेल, और अन्य नेताओं को आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महादेवघाट के पास काले झंडे दिखाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद डीडी नगर पुलिस ने आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिस इन पर प्रदर्शन की रिकॉडिंग मोबाइल से डिलीट करने दबाव बनाते रही है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक आप कार्यकर्ता रिहा नहीं किए गए थे। बताया जा रहा है कि शाम को सीएम की वापसी के बाद ही इन्हें रिहा किया जाएगा।


