रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मई। शहर के विधानसभा रोड स्थित शीमर्स क्लब में बीती आधी रात वीकेंड पार्टी के दौरान युवकों के दो ग्रुपों में जमकर मारपीट की खबर है । इनमें से एक ग्रुप जिसमें 35-40 युवक धमतरी से आए थे। और दर्जन भर लडक़ों का दूसरा ग्रुप राजधानी के रसूखदार परिवारों का था। इनमें दो विधायकों सराफा, कपड़ा कारोबारियों के पोते,बेटे शामिल हैं।
क्लब से मिले फुटेज के मुताबिक वहां शराब, कबाब और शबाब तीनों का इंतजाम भी था। डीजे साहिल की धुनों पर जमकर डांस हो रहा था। तभी एक डांस करती लडक़ी को लेकर दोनों ग्रुप के पहले दो लडक़ों मेम विवाद हुआ और फिर इसे देख उनके साथी हो लिए । हॉल में जूतमपैजार के बाद लडक़े बाहर निकलकर गालियों के साथ पिल पड़े। तोडफ़ोड़ भी हुई। किसी तरह से सूचना पर मौके पर 112 की टीम वहां पहुंची। इसमें एक,हवलदार और वैन ड्राइवर भर था।
जैसे तैसे इन लोगों ने दोनों गुटों को अलग, अलग कर मामला शांत कराया और रवाना किया। इस घटना के बाद शीमर्स को बंद करवाया गया। कल रात राजधानी के चार से पांच टी आई, एएसपी,सीएसपी, डीएसपी जैसे दिग्गज अफसरों की नाइट गश्त ड्यूटी थी। यहां बता दें कि इनमें से किसी भी ग्रुप ने मामले की न मोवा, न विसभा थाने में रिपोर्ट नहीं की।
खबर है कि शीमर्स क्लब ने आबकारी लाइसेंस नहीं लिया है। इसके बावजूद सुबह तक धडल्ले से अवैध रूप से खुलेआम शराब पिलाई जाती है। वहीं शहर के कई लाइसेंसधारी क्लबों और बार को जबरिया बंद करवाया जाता है। ऐसी घटनाएँ आए दिन होती हैं, पिटने वाले बदनामी और पीट ने वाले गिरफ्तारी के डर से थाने तक नहीं पहुंचते। वीआईपी और विधानसभा रोड पर. स्थित रेस्तरां, होटलों में ऐसी घटनाएँ होने लगी हैं। खासकर शनिवार, रविवार वीकेंड नाइट पार्टी के दौरान हफ्ते दो हफ्ते में देखने-सुनने को मिलती रहीं हैं। इन क्लब, होटलों पर कड़ी नजर नहीं रखी गई तो किसी दिन और गंभीर घटना हो सकती है।


