रायपुर

ढेबर पर ईडी का घेरा, विकल्प बनने मुहिम
20-May-2023 2:05 PM
ढेबर पर ईडी का घेरा, विकल्प बनने मुहिम

गुपचुप बैठकों का दौर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 20 मई।
मेयर एजाज ढेबर पर ईडी की जांच का घेरा है, तो सहयोगी पार्षद उनकी जगह लेने के लिए अभी से जोड़-तोड़ कर रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर उत्तर विधानसभा इलाके के एक युवा पार्षद ने तो बकायदा लॉबिंग भी शुरू कर दी है, और उन्होंने कुछ पार्षदों के साथ बैठक भी की है।

मेयर एजाज ढेबर से भले ही ईडी 5 बार पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। कहा जा रहा है कि एजाज को फिर से ईडी पूछताछ के लिए बुला सकती है। दूसरी तरफ, कांग्रेस पार्षदों के बीच उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

कांग्रेस के एक-दो पार्षद ऐसे भी हैं, जो उनकी जगह लेने के लिए उत्सुक दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक रायपुर उत्तर इलाके के एक कांग्रेस के युवा पार्षद ने तो अपने करीबी पार्षदों के साथ बैठक करना शुरू कर दिया। कहा जा रहा है कि एक बैठक में तो चार पार्षद थे। यही नहीं, उक्त युवा पार्षद ने भाजपा पार्षदों पर डोरे डालना शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में ‘छत्तीसगढ़’ ने एक-दो पार्षदों ने टटोलने की कोशिश भी की।  लेकिन उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। 

कहा जा रहा है कि सामाजिक स्तर पर भी युवा पार्षद को मेयर बनाने के लिए मुहिम चल रही है। एक सरकारी संस्थान के पदाधिकारी ने तो युवा पार्षद के लिए सोशल मीडिया पर माहौल बनाना शुरू कर दिया है। मेयर को हटने की स्थिति के लिए नियम खंगाले जा रहे हैं। बताया गया कि सब कुछ पार्षदों पर निर्भर है, इसलिए उन्हें अपने पाले में करने के लिए अभी से कोशिश चल रही है। हालांकि सीएम भूपेश बघेल, और पार्टी संगठन के अलावा विशेषकर सीनियर पार्षद पूरी तरह एजाज के साथ खड़े हैं। जब-जब एजाज ईडी दफ्तर गए हैं। उनके साथ जिला संगठन और कई पार्षद रहे हैं। ऐसे में युवा पार्षद की मुहिम क्या रंग लाती है, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा। 
 


अन्य पोस्ट