रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। एक महीने पूर्व ग्राउंड हुई लखनऊ-रायपुर-लखनऊ विमान सेवा एक बार फिर 14 जून से शुरू हो रही है। मार्च 28 से घरेलू विमान सेवाओं का समर शेड्यूल लागू होने के बाद से दो शहरों के लिए सीधी उड़ान बंद कर दी गई थी। कंपनी ने आज एक सूचना जारी कर यह फ्लाइट अगले महीने 14 जून से शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ-साथ बैंकॉक सिंगापुर जाने वाले पर्यटकों के लिए भी खुशखबरी है कि तीन जून से भुवनेश्वर होकर एक उड़ान शुरू की जा रही है। यह सप्ताह के मंगलवार, और शनिवार को भुवनेश्वर से और बुधवार-रविवार को बैंकॉक से उड़ान भरेगी। छत्तीसगढ़ के यात्री 14 जून से भुवनेश्वर होकर वहां जा सकते हैं।
निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने करीब साल भर से संचालित भुवनेश्वर रायपुर लखनऊ और वापसी की उड़ान को बंद करने का फैसला किया था। सूत्रों ने बताया कि रायपुर से इन दोनों शहरों के लिए पर्याप्त यात्रियों की अनुपलब्ध होने की वजह से यह फैसला किया है। यह भी बताया गया कि रायपुर से लखनऊ के लिए तो कुछेक यात्री तो मिल जाते हैं लेकिन भुवनेश्वर के लिए तो बुकिंग ही नहीं। और उन शहरों से रायपुर के लिए तो आते ही नहीं है। यहां यह भी बता दे कि एयर इंडिया ने कुछ माह पहले ही मुंबई रायपुर वाइजेग भुवनेश्वर की उड़ान को रद्द कर चुका है।ट्रैवल एजेंट कीर्ति व्यास ने कहा कि यह उड़ान सेवा पूर्व में दो बार बंद कर दी गई थी। इसके पीछे मुख्य कारण यात्रियों की कमी से ऑपरेशनल कास्ट हासिल न होना रही है। इस बार भी इसी वजह से बंद कर दी गई है। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि आने वाले किसी भी दिन रायपुर से जयपुर, अमृतसर, पटना, शिरडी के लिए उड़ान सेवा शुरू हो सकती है। ज्यादा गुंजाइश रायपुर से जयपुर के लिए बन रही हैं जो सीधी उड़ान रहेगी। इसे देखते हुए माना एयरपोर्ट में जल्द ही रेस्टोरेंट और कैफेटेरिया भी शुरू किए जा रहे हैं। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने टेंडर जारी किया है।


