रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। रायपुर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा 2021 के परीक्षा परिणाम में खुलेआम सौदेबाजी भ्रष्टाचार एवं परिवारवाद को प्रश्रय देकर छत्तीसगढ़ के पढ़े-लिखे योग्य नवयुवकों की उपेक्षा किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को संबोधित मांग पत्र कलेक्टरों के माध्यम से प्रेषित कर तत्काल संपूर्ण घटना की जांच की मांग की है।
रायपुर जिला सचिव विजय कुमार झा ने बताया है कि रायपुर कलेक्टर कार्यालय में दोपहर 12 बजे प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपा गया। जिसमें प्रमुख रुप से राजधानी के नेता पार्टी के उपाध्यक्ष गोपाल साहू, प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, लोकसभा प्रभारी विजय गुरूबक्क्षानी, जिला अध्यक्ष नंदन कुमार सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पवार, के एस नायडू, अन्यतम शुक्ला, एम एस हैदरी, तरुण वैद्य, प्रद्युमन शर्मा, सूर्या साहू, उमेश जंधेल, हिमाचल गुप्ता, सफीक अहमद, विकास दास मानिकपुरी, काशिफ खान, अली हाफिज, संजू सिंह, मनदीप सिंह , संतोष कुशवाहा आदि शामिल थे।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने एक पत्रकारवार्ता में कहा कि सीजी पीएससी के नतीजों को लेकर कांग्रेस-बीजेपी राजनीति बंद करे। क्योंकि दोनों ही सरकारों के समय अनियमितता हुई थी। जिसकी जांच जरूरी है। दोनों दल एक दूसरे पर आरोप लगाकर बचना चाह रहे हैं, और गरीब किसान के बच्चों का हक मारकर रसुखदारों के बच्चों का कैरियर बनाया जा रहा है। श्री झा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री व छत्तीसगढ़ सरकार मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो के कहावत को चरितार्थ कर रही है। चोरी ऊपर से सीना जोरी करते हुए यह कहना कि भाजपा सरकार में भी पीएससी भर्ती में गड़बड़ी हुई थी। प्रदेश के पढ़े-लिखे नवयुवक आंसू बहा रहे हैं कि क्या यही दिन देखने के लिए भाजपा को हटाकर कांग्रेस की सरकार बनवाए थे। क्या भाजपा ने गलती किया था इसलिए कांग्रेस को भी गलती करना चाहिए?।
आम आदमी पार्टी ने संपूर्ण घटनाक्रम की तत्काल उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश से उच्च स्तरीय जांच कराएं जाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। अब छत्तीसगढ़ की जनता को समझ में आया कि पढ़े-लिखे 9 युवकों को बेरोजगारी भत्ता देकर झुनझुना पकड़ा दिया जाए तथा उच्च पदों पर भाई भतीजावाद लागू कर पीएससी जैसी संस्था में नियुक्ति दी जावे। तदाशय का मांग पत्र पूरे प्रदेश में दोपहर मांग पत्र सौंपा गया।


