रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मई। विवादित फिल्म द केरल स्टोरी शुक्रवार को राजधानी के तीन मॉल और श्याम टॉकीज़ के पर्दे पर उतरी। फिल्म को लेकर देशभर में बवाल मचा हुआ हैं।अब प्रदेश में भी फिल्म से जुड़ी सियासत तेज होती नजर आ रही हैं। कांग्रेस की तरफ से इस फिल्म को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई हैं। इससे आशंका जताई जा रही हैं की कहीं छत्तीसगढ़ में भी इस फिल्म पर प्रतिबन्ध ना लग जाए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने साफ़ किया हैं की फिल्म में अगर कुछ गलत दिखाया गया है तो इस पर बैन लगना चाहिए। इस तरह इस बात को बल मिलने लगा हैं की अगर इस पर भाजपाया दूसरे समर्थक दलों ने आक्रामकता दिखाई तो प्रदेश में भी इसके प्रदर्शन पर रोक लग सकती हैं। सुशील आनंद शुक्ला ने फिल्म को लेकर हो रही सियासत को भाजपा का षड्यंत्र करार दिया हैं। शुक्ला ने कहा की जब ये पीछे भागते है तो धर्म और ऐसी फिल्मों का आड़ लेते है। ये कभी लव जिहाद तो कभी हिन्दू मुस्लिम का मुद्दा छेड़ते हैं। बीजेपी दिग्भ्रमित करती है, झूठे धर्मांतरण के मुद्दे उठाती है।
कांग्रेस लव जिहाद का समर्थन करती है
पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने कांग्रेस के बयान को हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस लव जिहाद का समर्थन करती है। और बीजेपी पर दोषारोपण। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। यह फिल्म गंभीर और सत्य घटना पर आधारित है। न सिर्फ केरल बल्कि पूरे देश में हिन्दू समाज की बेटियों को बरगलाकर लव जिहाद का शिकार बनाया जा रहा है। इस पर बीजेपी के पास मुद्दे नहीं कहना ठीक नहीं है। हमारे पास बहुत से मुद्दे हैं।


