रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,11मार्च। छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी महासंघ के आवाहन पर कल 12 मार्च को रायपुर राजधानी के नवारायपुर तूता धरना स्थल पर अनियमित कर्मचारी अपनी जायज मांगों के लिए विरोध प्रदर्शन करेंगे।
अनियमित कर्मचारी महासंघ के संरक्षक गोपाल प्रसाद साहू तथा कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि 10 दिन में नियमितीकरण का वादा कर अनियमित कर्मचारियों के मतदान से बनी सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा अपने बजट भाषण में अनियमित कर्मचारियों के संबंध में कोई घोषणा न कर उनके साथ छलावा किया गया। मुख्यमंत्री का सदन में यह कहना कि 24 विभागों की जानकारी आई है, 328 विभाग की जानकारी नहीं आई है। यह लाखों अनियमित कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी है।कर्मचारी नेता विजय झा ने कहा है कि स्कूल सफाई कर्मचारी, रसोईया मध्यान भोजन कर्मचारी, मितानिन जिन्हें बेरोजगारी भत्ता 2500 से कम मानदेय मिल रहा है, अब नौकरी छोडक़र बेरोजगारी भत्ता लेने के लिए तत्पर हैं। राज्य सरकार ने स्कूल सफाई कर्मचारियों को मात्र ?245 रसोईया मध्यान भोजन कर्मचारियों को मात्र ?300 और विगत 7 वर्षों से नगर सैनिकों के वेतनमान में कोई वृद्धि नहीं की गई थी अब मात्र ?200 वृद्धि कर इन कर्मचारियों के साथ में भयंकर धोखेबाजी की गई है। मुख्यमंत्री का कहना की जानकारी विभागों से अप्राप्त है। जिन विभागीय अधिकारियों ने जानकारी नहीं दी उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।


