रायपुर

मोदी सरकार डिक्टेटरशिप चला रही-खडग़े
26-Feb-2023 6:26 PM
मोदी सरकार डिक्टेटरशिप चला रही-खडग़े

छापों से कांग्रेस नहीं डरेगी-प्रियंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 फरवरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने जोरा की भीड़ भरी सभा में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार डिक्टेटरशिप चला रही है। खडग़े ने कहा कि संसद में आपकी बात रखने की भी आजादी नहीं रह गई है।

खडग़े ने आगे कहा कि गरीब, एससी, एसटी, और आम लोगों की बात नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में मेरा और लोकसभा में राहुल गांधी जी का भाषण काट दिया गया। जबकि हमने गलत शब्द नहीं बोले हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमने सवाल उठाया था कि अडानी जी की संपत्ति 2004 में तीन हजार करोड़ थी। 2014 में 50 हजार करोड़ हो गई। 2021 से 23 में 13 लाख करोड़ हो गई। उन्होंने पूछा कि ऐसा कौन सा मंत्र है, जो एक रुपये का 13 रुपये हो जाता है। एक व्यक्ति के लिए पूरे राष्ट्र को तबाह कर दिया गया।

इससे पहले पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के तीन काले कानून से देश की आम जनता को रोजगार, व्यवसाय गरीबी में जीवन जीने को मजबूर किया है। मीडिया को देश की सरकार ने दबा रखा है। न्याय पालिका पर दबाव डाला जाता है।

प्रियंका गांधी ने संसद में राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता। सच बोलने पर प्रतिबंध लगा रखा है। कांग्रेस से घबराई भाजपा सरकार कांग्रेस राज्यों में नेताओं के घरों में  ईडी और सीबीआई के छापे मारकर  संगठन को कमजोर करने का काम किया है। कांग्रेस न डरी है, और न डरेगी। छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है। प्रदेश में विकास हुआ है। छत्तीसगढ़ का नाम देश विदेश जाना जाने लगा है। हर गरीब किसान आज यहां खुश है। केंद्र की मोदी सरकार को छत्तीसगढ़ का विकास देखा नहीं जा रहा है। वे हमेशा  देश की जनता को आगे बढऩे से रोकती रही है। लेकिन कांग्रेस हर वर्ग से हाथ- हाथ जोडक़र चलने वाली पार्टी है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि केद्र की गलत नीतियों के कारण आज महंगाई चरम पर है। कारोबारी नुकसान से गुजर रहे है। एक लाख 12 हजार दिहाड़ी मजदूरों ने आत्महत्या की। और मोदी जी अपने साथी अडानी को आगे बढ़ाने में लगे हैं। देश में 12 करोड़ रोजगार बंद हुए। वहीं अडानी को कारोबार के लिए 80 हजार करोड़ लोन दिया जाता है। किसानों के कर्ज माफी के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है। गरीब की कोई सुनवाई नहीं होती है। यूपी में बूलडोजर चलाकर एक महिला और बच्ची की मौत हो जाती है। संसद में राहुल गांधी के सवालों का मोदी जवाब नहीं दे पाए।

हमारी सरकार को गिराने की कोशिश हुई थी, पर बच गए-गहलोत

रायपुर, 26 फरवरी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा में केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव होते हैं, वहां इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई पहुंच जाती है। न्यायपालिका दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कटाक्ष किया कि मोदी, और अमित शाह नया मॉडल लेकर आए हैं, कि चुनी हुई सरकारों को कैसे गिराया जाए।

उन्होंने कहा कि गोवा और अन्य राज्यों में ऐसा हुआ। राजस्थान में भी सरकार गिराने की कोशिश हुई थी। हमलोग बच गए। देश में खतरनाक माहौल है जिसको समझना जरूरी है।


अन्य पोस्ट