रायपुर
रायपुर, 12 फरवरी। अडानी के भाजपा और प्रधानमंत्री के साथ संबंधों और एसबीआईएलआईसी में किए गए घोटालों के विरोध में आप पार्टी ने रविवार को राजधानी में एकात्म परिसर को घेरने की घोषणा की थी।
प्रदेश प्रभारी संजीव झा के नेतृत्व में कार्यकर्ता सप्रे शाला मैदान से निकले ही थे। उन्हें बिजली ऑफिस चौक पर पुलिस की तगड़ी व्यवस्था के चलते रोक दिया गया। चंद मिनटों के प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता वहां से निकल गए। इधर घेराव को लेकर पुलिस ने एकात्म परिसर के पास भी तगड़ी व्यवस्था की थी। इससे पहले पत्रकारवार्ता में श्री झा ने भाजपा से प्रश्न किया कि अदानी घोटाले में प्रधानमंत्री और भाजपा चुप क्यों है। उन्होंने राज्य सरकार पर ही कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि आदिवासी प्रदेश में असुरक्षित है।
उनहोंने कहा प्रदेशवासी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के नाम पर छले जा रहे हैं। प्रदेश में अकूत भ्रष्टाचार व्याप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र में मोदी सरकार आकाश से लेकर पताल तक जो कुछ भी देश का है सब अदानी को दे दिया है। एलआईसी में करोड़ों लोगों का पैसा लगा है, जो अब डूब रहा है। आम आदमी पार्टी संयुक्त संसदीय समिति से जांच की मांग करती है। श्री झा 13 फरवरी को बेमेतरा, 14 को धमतरी और गरियाबंद के दौरे पर रहेंगे।


