रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 फरवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार को पत्रकारवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में अपनी पराजय सुनिश्चित देखकर कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यकर्ताओं की टारगेट किलिंग के षड्यंत्र पर उतर आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशासन के राजनीतिकरण के जरिए मौत के घाट उतारा जा रहा है। यह कोई इत्तेफाक नहीं है। सोची समझी सुनियोजित साजिश के तहत भाजपा के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में पिछले 30 दिनो में भाजपा के 4 जुझारू संकल्पशील कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है।
यह सीधे तौर पर राजनीतिक हत्या है और कांग्रेस की सरकार के संरक्षण में इस तरह की नृशंस हत्याएं हो रही हैं और कांग्रेस मौन है।कांग्रेस यह समझ चुकी है कि अब वह सत्ता से बाहर हो रही है तो पैर उखड़ते देख कांग्रेस के हाथ फूल गए हैं और वह बस्तर में चुनाव जीतने के लिए रक्तपात का सहारा ले रही है। कांग्रेस समझती है कि हिंसा में भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या कराने से भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश कम हो जाएगा अथवा वह इस कांग्रेस प्रायोजित आतंक से भयभीत हो जाएंगे। कांग्रेस ऐसा समझती है तो वह गलतफहमी पाल कर बैठी है। भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष की कोख से उत्पन्न हुए बलिदानी कार्यकर्ता हैं।
श्री साव ने कहा घटनाक्रम देखने लायक है एक हत्या जगदलपुर में, एक नारायणपुर में, एक बीजापुर में एक दंतेवाड़ा में हर जगह हत्याएं कर दहशत का माहौल बनाया जा रहा है।


