रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी। पाठ्य पुस्तक निगम के चेयरमैन शैलेष नितिन त्रिवेदी ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव के नारायणपुर दौरे पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हम नारायणपुर में किसान मेले में शिरकत करने आए हैं, और दूसरी तरफ, भाजपा के नेता धर्म से धर्म के बीच, भाई से भाई को लड़ाने के लिए आ रहे हैं। दोनों पार्टियों के बीच का अंतर नारायणपुर के घटनाक्रम से स्पष्ट हो गया है। त्रिवेदी ने झीरम को लेकर कुछ सवाल भी पूछे हैं।
त्रिवेदी ने नारायणपुर में कहा कि भाजपा सबको लड़ाने में लगी है। नफरत फैलाने में लगी है। कांग्रेस का संदेश विकास का संदेश है, किसान के हित का संदेश है। आदिवासी के हित का संदेश है। यही आज दोनों के बीच का अंतर है।
उन्होंने झीरम को लेकर अजय चंद्राकर से सवाल पूछे हैं। त्रिवेदी ने कहा कि वो (चंद्राकर)लगातार सवाल पूछ रहे हैं। उन्हें भी कुछ सवालों के जवाब देना चाहिए। जिस धमतरी जिले से वे आते हैं। वहीं तो मोदी जी ने 2014 के चुनाव में सभा में कहा था कि झीरम के हत्यारों की पहचान करके गिरफ्तार करेंगे। दस साल से ये काम पूरा क्यों नहीं हुआ। दूसरा सवाल जब-जब एनआईए पकड़ती है किसी को जो झीरम में लिप्त है, तो उससे आगे की पूछताछ क्यों नहीं करती है। सारे क्लू खत्म करने का काम दस साल से भाजपा की सरकार द्वारा क्यों किया जा रहा है। तीसरा सवाल जब-जब छत्तीसगढ़ सरकार की पुलिस ने जांच आगे बढ़ाने की कोशिश की। मोदी सरकार की एनआईए ने अदालत जाकर उस पर स्टे लगाने का काम किया। क्यों वो बाधित करते है। क्यों वे जांच को बाधित करते है। इस सवाल का जवाब छत्तीसगढ़ जनता को चाहिए।
त्रिवेदी ने आगे कहा कि जब झीरम के शहीदों के परिवारजन केंद्रीय गृह मंत्री से मिलना चाहते थे। उस समय भाजपा की रमन सिंह सरकार ने शहीदों के परिवारजनों को मिलने से रोका। जब हम सीबीआई से जांच की मांग कर रहे थे।