रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जनवरी। प्रदेश में फोटोयुक्त वोटर लिस्ट के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या में एक लाख 97 हजार 490 की वृद्धि हुई है। 5 जनवरी अंतिम प्रकाशित वोटर लिस्ट के अनुसार प्रदेश में अभी मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 94 लाख 54 हजार नौ है। इनमें 97 लाख 27 हजार 594 पुरूष मतदाता और 97 लाख 26 हजार 415 महिला मतदाता हैं। प्रदेश में एक लाख 46 हजार 981 दिव्यांग एवं 811 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
प्रदेश का लिंगानुपात 9 नवम्बर -22 को प्रारंभिक प्रकाशन के समय 999 था, जो कि 5 जनवरी -23 को अंतिम प्रकाशन की स्थिति में 1000 हो गया है। प्रारंभिक प्रकाशन के समय प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 92 लाख 56 हजार 064 थी, जिनमें 96 लाख 30 हजार 671 पुरूष मतदाता एवं 96 लाख 25 हजार 393 महिला मतदाता शामिल थीं। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पांच लाख 74 हजार 060 नए मतदाताओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से जोड़े गए हैं, जबकि तीन लाख 76 हजार 570 नामों को फार्म-7 के आधार पर नियमानुसार विलोपित किया गया है। इस प्रकार प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में एक लाख 97 हजार 490 की बढ़ोतरी हुई है।
सघन अभियान चलाकर विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के 5726 नए मतदाताओं को जोड़ा गया। राज्य के 18 जिलों में पांच विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों कमार, बिरहोर, पहाड़ी कोरवा, बैगा और अबूझमाडिय़ा निवासरत हैं।
प्रदेश में इन जनजातीय समूहों के कुल एक लाख 86 हजार 198 लोग रहते हैं जिनमें एक लाख 15 हजार 070 अठारह वर्ष से अधिक के हैं। इनमें से एक लाख सात हजार 558 लोगों के नाम मतदाता सूची में पहले से ही पंजीकृत थे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के दौरान सघन अभियान चलाकर इन समूहों के 5726 नए मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। राज्य में अब विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या एक लाख 13 हजार 284 है, जो उनकी कुल जनसंख्या का 60.84 प्रतिशत है।


