रायपुर

कमल विहार में नहीं थम रही चोरियां, शराबखोरों का भी अड्डा, रहवासी सीईओ से मिलेंगे
11-Dec-2022 5:44 PM
कमल विहार में नहीं थम रही चोरियां, शराबखोरों का भी अड्डा, रहवासी सीईओ से मिलेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 दिसंबर। कमल विहार इलाके में रोजमर्रा की चोरी, शराबखोरी, और असामाजिक तत्वों की आवाजाही से रहवासी हलाकान है। इस कड़ी में कमल विहार रहवासियों ने रविवार को बैठक की। और उन्होंने आरडीए सीईओ से संपर्क कर तमाम समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस पहल करने का आग्रह किया।

कमल विहार के रहवासियों ने आरडीए सीईओ धर्मेश साहू से फोन पर चर्चा की, और उनसे समस्याओं पर चर्चा के लिए समय देने कहा। आरडीए सीईओ जल्द ही कॉलोनी रहवासियों के साथ बैठक करेंगे।

कमल विहार आरडीए की महत्वकांक्षी परियोजना है। यहां सडक़ और अन्य सुविधाएं महानगर के स्तर की है। मगर यहां कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। रोज चोरी की घटनाएं हो रही है। पुलिस की गश्त तकरीबन बंद है। स्ट्रीट लाइटें भी तोडफ़ोड़ के कारण बंद रहती है, और असामाजिक तत्व यहां काफी सक्रिय है। जिससे यहां के रहने वाले लोग काफी परेशान हैं। आरडीए के पदाधिकारियों को तमाम समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है। कमल विहार में प्रतिष्ठित और सभ्रांत लोग रहते हैं। अलग-अलग विभागों में पदस्थ कई अफसर भी यहां निवास कर रहे हैं। मगर वो सभी यहां की गतिविधियों से परेशान हैं।

आरडीए ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव  सरकार को भी भेजा था, लेकिन इस दिशा में आगे कोई कदम नहीं उठाया गया। इन सबके चलते असामाजिक तत्वों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं। रविवार को कॉलोनीवासियों ने मीटिंग की, और यहां की समस्याओं के निराकरण के लिए आरडीए सीईओ को अवगत कराने का फैसला लिया गया। बैठक जल्द होने की संभावना है। उनसे जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। बैठक में सामाजिक  कार्यकर्ता बालमुकुंद शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट